जिला शिक्षा समिति की बैठक में शिक्षा व्यवस्था की हुई गहन समीक्षा, लंबित निर्माण कार्यों में लापरवाही पर भुगतान में कटौती के निर्देश..

जिला शिक्षा समिति की बैठक में शिक्षा व्यवस्था की हुई गहन समीक्षा, लंबित निर्माण कार्यों में लापरवाही पर भुगतान में कटौती के निर्देश..

गौरव रक्षक/अमरदीप

बस्ती, 1अक्टूबर 2026

जिला कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को जिला शिक्षा समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित शैक्षिक एवं निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय भवन निर्माण, बाउंड्रीवाल, स्पेशल एजुकेटर, आवासीय विद्यालयों में वाशिंग मशीन एवं जनरेटर की आपूर्ति, एमडीएम, मॉडल विद्यालयों की स्थिति, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति तथा शिक्षकों की उपलब्धता और शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली।

उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन निर्माण कार्यों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं हो रही है, वहां संबंधित कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाए। लक्ष्य के सापेक्ष कार्य पूरा नहीं होने पर भुगतान में नियमानुसार कटौती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सीडीओ ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर मॉडल विद्यालयों को शासन की मंशा के अनुरूप व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाएं। साथ ही, एआरपी द्वारा चिन्हित विद्यालयों का नियमित सुपरविजन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी ने किया। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, पीडी आनंद गुप्ता, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, डीपीओ राजेश कुमार सहित खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *