बस्ती में 2,222 किसानों के खातों में पहुंचे 2.65 करोड़ रुपये, बाढ़-अतिवृष्टि से फसल नुकसान पर मिली राहत
अब तक 8,457 किसान प्रभावित, 4,002 हेक्टेयर फसल क्षेत्र क्षतिग्रस्त; राहत राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित
गौरव रक्षक/ अमरदीप
बस्ती, (उत्तर प्रदेश)12 अक्टूबर 2026
उत्तर प्रदेश सरकार की कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता वितरण योजना के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राहत राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सुना।
बाढ़ एवं अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के सर्वेक्षण के अनुसार, जनपद बस्ती की तहसील हर्रैया और सदर में अब तक कुल 8,457 किसान प्रभावित पाए गए हैं। इनके कुल 4,002 हेक्टेयर क्षतिग्रस्त फसल क्षेत्र के लिए लगभग 7 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति निर्धारित की गई है। राहत राशि राहत पोर्टल के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जा रही है।
2,222 किसानों को मिली 2 करोड़ 65 लाख रुपये से अधिक की सहायता
12 अक्टूबर को जनपद के कुल 2,222 किसानों के बैंक खातों में डिजिटल माध्यम से 2 करोड़ 65 लाख 66 हजार रुपये की राहत राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से तहसील हर्रैया के 20 तथा तहसील सदर बस्ती के 10 किसानों को जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, हर्रैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब सोनकर, सदर विधायक प्रतिनिधि मो. सलीम अहमद, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह तथा प्रधान संघ अध्यक्ष सरवन तिवारी ने किसानों को चेक वितरित किए।
‘किसान समृद्ध तो उत्तर प्रदेश समृद्ध’ सरकार का संकल्प
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि योगी सरकार में ‘किसान समृद्ध तो उत्तर प्रदेश समृद्ध’ का संकल्प साकार हो रहा है। किसानों को राहत राशि प्राप्त करने के लिए किसी बिचौलिए के पास जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच रही है। उन्होंने इसे सरकार की पारदर्शी व्यवस्था का प्रतीक बताया।
हर्रैया के 20 और सदर तहसील के 10 किसानों को मिले चेक
कार्यक्रम में तहसील हर्रैया के महेन्द्र सिंह, उमेश कुमार सिंह, शर्मिला, रामदेव यादव, लाल मोहम्मद, सुखई, राम प्रताप, फूलचन्द्र, परसुराम, लक्षीराम, राकेश कुमार निषाद, राम पियारे, राम जगत, हरिश्चन्द्र, राम विलास, विजय बहादुर, राम पाण्डेय, अरुण कुमार पाण्डेय, कोदई और मनकू को प्रतीकात्मक रूप से चेक प्रदान किए गए।
इसी प्रकार तहसील सदर बस्ती के मुन्ना राम, रामफेर, अवधेश, गेनालाल, सुनील, संदीप कुमार, रामवृक्ष यादव, गंगा राम, राज बहादुर और तारा सिंह को भी चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, उप जिलाधिकारी हर्रैया प्रद्युम्न कुमार, राजेश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

