जयपुर में महिलाओं से अभद्रता करने वालों पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का प्रहार, चार असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई…

जयपुर में महिलाओं से अभद्रता करने वालों पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का प्रहार, चार असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई…

गरबा और डांडिया आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादा वर्दी और नीली वर्दी में तैनात पुलिस टीमें, तीन आरोपी गिरफ्तार

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

जयपुर, 13 अक्टूबर2026

नवरात्र के दौरान आयोजित गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जयपुर पुलिस ने विशेष निगरानी व्यवस्था की है। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को आयोजन स्थलों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग क्षेत्रों और आवागमन के मार्गों पर तैनात किया गया है। संवेदनशील एवं अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों की टीमें भी निगरानी कर रही हैं, ताकि महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और धमकी देने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

डांडिया महोत्सव में अभद्रता पर त्वरित कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं युवतियों पर अशोभनीय टिप्पणियां करने तथा पुलिस टीम के साथ अभद्रता और धमकी देने के मामले में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने कार्रवाई की। इस मामले में नमन पारीक (23), प्रणय दुबे (21) और विक्रम तंवर (33) को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।

इसी दिन स्वर्ण जयंती पार्क में आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को परेशान करने, अशोभनीय इशारे करने और गाली-गलौज की शिकायत पर भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, समझाइश के बावजूद अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप में अतीक खान (28) को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।

महिला सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी

पुलिस उपायुक्तअनुष्ठा कालिया के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा गरबा एवं डांडिया कार्यक्रमों में आने वाली महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, राजकॉप सिटिजन ऐप, आपातकालीन नंबर 112 तथा अन्य पुलिस सहायता माध्यमों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। महिला पीसीआर वैन, संबंधित पुलिस थानों की चेतक और ईआर 112 की टीमों के समन्वय से आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

निर्भया हेल्पलाइन के पांच नंबर 24 घंटे सक्रिय

पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि वे निर्भया हेल्पलाइन के निम्नलिखित पांच नंबर अपने मोबाइल में निर्भया-1, निर्भया-2, निर्भया-3, निर्भया-4 और निर्भया-5 के नाम से सेव कर लें।

निर्भया हेल्पलाइन नंबर:

⚫8764866090
⚫ 8764866091
⚫8764866092
⚫ 8764866093
⚫ 8764866094

इन नंबरों पर किसी भी परेशानी या विषम परिस्थिति में तत्काल सहायता के लिए लिखित संदेश, मौखिक सूचना, ऑडियो, वीडियो या रिकॉर्डिंग भेजी जा सकती है। ये हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे सक्रिय रहते हैं।

जयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक आयोजनों में महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *