राजस्थान पुलिस का प्रदेशव्यापी प्रहार: 17,049 ठिकानों पर दबिश, 7,744 अपराधी गिरफ्तार…

राजस्थान पुलिस का प्रदेशव्यापी प्रहार: 17,049 ठिकानों पर दबिश, 7,744 अपराधी गिरफ्तार…

एरिया डोमिनेशन अभियान में 2,961 पुलिस टीमों ने एक ही दिन में की कार्रवाई, 55 इनामी, 354 हार्डकोर-हिस्ट्रीशीटर और 922 स्थायी वारंटी गिरफ्तार..

गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा

जयपुर, 7 अक्टूबर 2026

राजस्थान में वांछित अपराधियों, असामाजिक तत्वों और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बने अपराधियों के खिलाफ राजस्थान पुलिस ने प्रदेशव्यापी एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस की 2,961 टीमों ने एक ही दिन में प्रदेशभर के 17,049 चिह्नित ठिकानों पर दबिश दी। अभियान में 12,151 पुलिसकर्मी शामिल रहे और कुल 7,744 अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया।

इनामी और हार्डकोर अपराधियों पर कसा शिकंजा

प्रदेशव्यापी अभियान के दौरान पुलिस ने संगठित अपराध, मादक पदार्थ तस्करी, जघन्य अपराधों तथा आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की। अभियान में 55 इनामी अपराधियों तथा 354 हार्डकोर अपराधियों, सक्रिय हिस्ट्रीशीटर और मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे जघन्य अपराधों में वांछित 95 अपराधियों को पकड़ा गया। वहीं आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के मामलों में 141 आरोपियों और आबकारी अधिनियम के तहत 173 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

922 स्थायी वारंटी और उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई में न्यायालय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी एवं 335 बीएनएसएस के तहत वांछित 922 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही फायरिंग और फायर आर्म्स प्रकरणों में चालान किए गए 164 सक्रिय अपराधियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

अभियान के दौरान 787 नए प्रकरण दर्ज किए गए। सामान्य मुकदमों में 677 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई में 3,283 व्यक्तियों तथा अन्य मामलों में 1,756 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन सभी कार्रवाइयों को मिलाकर कुल 7,744 गिरफ्तारियां दर्ज की गईं।

टोंक, भीलवाड़ा और अजमेर में भी बड़ी कार्रवाई

जिलेवार कार्रवाई में टोंक में 97 पुलिस टीमों ने 363 स्थानों पर दबिश देकर 407 अपराधियों को गिरफ्तार किया। भीलवाड़ा में 133 टीमों ने 305 ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए 330 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि अजमेर में 122 टीमों ने 598 ठिकानों पर दबिश देकर 280 अपराधियों को पकड़ा।

उदयपुर में 115 टीमों ने 932 ठिकानों पर दबिश देकर 354 गिरफ्तारियां कीं। झालावाड़ में कुल 194 गिरफ्तारियां हुईं, जिनमें 70 हार्डकोर एवं हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं। वहीं चित्तौड़गढ़ में 89 टीमों ने कार्रवाई करते हुए 165 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इसके अलावा धौलपुर में 246, बीकानेर में 204, डीग में 291, हनुमानगढ़ में 241, चूरू में 233, पाली में 226 और अलवर में 207 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

जयपुर कमिश्नरेट और ग्रामीण क्षेत्र में भी व्यापक कार्रवाई

राजधानी जयपुर में भी पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। जयपुर पश्चिम में 51 टीमों ने 332 ठिकानों पर दबिश देकर 27 हार्डकोर अपराधियों और 30 स्थायी वारंटियों सहित 215 अपराधियों को गिरफ्तार किया।

जयपुर उत्तर में 41 टीमों ने 196 स्थानों पर कार्रवाई कर 178, जयपुर पूर्व में 60 टीमों ने 354 स्थानों पर दबिश देकर 173 तथा जयपुर दक्षिण में 48 टीमों ने 299 ठिकानों पर कार्रवाई कर 142 अपराधियों को गिरफ्तार किया। वहीं जयपुर ग्रामीण में 61 टीमों ने 430 स्थानों पर दबिश देकर 101 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जोधपुर संभाग में भी ताबड़तोड़ कार्रवाई

जोधपुर पूर्व में 48 टीमों ने 426 ठिकानों पर सघन कार्रवाई करते हुए 10 हार्डकोर अपराधियों और 58 स्थायी वारंटियों सहित 178 अपराधियों को गिरफ्तार किया। जोधपुर पश्चिम में 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने 216 ठिकानों पर दबिश देकर 11 इनामी बदमाशों और 23 स्थायी वारंटियों सहित 67 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं रेलवे क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जीआरपी अजमेर ने 18 और जीआरपी जोधपुर ने 40 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया।

अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास कायम करना उद्देश्य

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की व्यापक पुलिस कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

राजस्थान पुलिस का यह अभियान एक स्पष्ट संदेश है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले वांछित अपराधियों, हार्डकोर अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *