अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति फर्जीवाड़ा: 63 वर्षीय आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार..

अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति फर्जीवाड़ा: 63 वर्षीय आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार..

PSP पोर्टल पर निजी संस्थानों के माध्यम से फर्जी आवेदन कर छात्रवृत्ति राशि लेने का आरोप, अन्य संदिग्धों की तलाश जारी

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

अजमेर, 7 अक्टूबर 2026

शिक्षा विभाग से कथित तौर पर फर्जी तरीके से अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति प्राप्त करने के मामले में क्लॉक टावर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल से एक 63 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अलाउद्दीन पुत्र शहारूद्दीन, निवासी नयाबाड़ी, थाना चोपड़ा, जिला उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पर PSP पोर्टल के माध्यम से निजी संस्थानों के जरिए अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति के लिए फर्जी आवेदन कर छात्रवृत्ति राशि प्राप्त करने का आरोप है। मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश एवं अनुसंधान जारी है।

शिक्षा विभाग की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस के मुताबिक, जिला शिक्षा अधिकारी दर्शना शर्मा की ओर से क्लॉक टावर थाने में रिपोर्ट दी गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि कुछ संदिग्ध छात्रों द्वारा PSP पोर्टल का उपयोग करते हुए निजी संस्थानों के माध्यम से अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन किए गए और कथित रूप से फर्जी तरीके से छात्रवृत्ति राशि प्राप्त की गई।

रिपोर्ट के आधार पर थाना क्लॉक टावर में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

संदिग्ध खाताधारकों की जानकारी जुटाई

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने शिक्षा विभाग से संदिग्ध खाताधारकों तथा छात्रवृत्ति आवेदनों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। छात्रवृत्ति राशि प्राप्त करने वाले और आवेदन करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उप अधीक्षक वृत्त दक्षिण एवं थाना क्लॉक टावर की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश के लिए पश्चिम बंगाल और बिहार भेजा गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए छात्रवृत्ति राशि प्राप्त करने के मामले में आरोपी मोहम्मद अलाउद्दीन को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया।

अन्य संदिग्धों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही छात्रवृत्ति फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच भी जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगीड़ और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त दक्षिण मनीष बडगुजर के निकट पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व थानाधिकारी क्लॉक टावर भीखाराम काला ने किया।

पुलिस टीम में ये अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी भीखाराम काला, सहायक उप निरीक्षक भागचन्द, सहायक उप निरीक्षक सुवालाल, सहायक उप निरीक्षक गीता, कांस्टेबल ब्रिजेश पाल और कांस्टेबल देशराज शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *