अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, हजारों लीटर वॉश और 10 भट्टियां नष्ट..
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
जयपुर, 14 अक्टूबर2026
पंचायती राज चुनावों की आचार संहिता के मद्देनजर प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार विभिन्न जिलों में गश्त, नाकाबंदी और दबिश देकर अवैध मदिरा जब्त की जा रही है। इसी क्रम में अजमेर, राजसमंद, कोटा, पाली और चित्तौड़गढ़ में कार्रवाई की गई।
अजमेर में होटल संचालक गिरफ्तार
आबकारी निरोधक दल अजमेर ने ब्यावर रोड स्थित केशरपुरा के काका होटल एंड रेस्टोरेंट पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान देशी मदिरा के 99 पव्वे और अंग्रेजी मदिरा की एक बोतल सहित चार पव्वे जब्त किए गए। इस मामले में अभियोग दर्ज कर होटल संचालक सरदार सिंह को गिरफ्तार किया गया।
राजसमंद, कोटा और पाली में भी कार्रवाई
राजसमंद में कार्रवाई के दौरान देशी मदिरा के 240 पव्वे बरामद कर अभियोग दर्ज किया गया। वहीं, कोटा में झालावाड़ एवं रामगंजमंडी की सीमा पर संयुक्त दबिश देकर 6 हजार लीटर वॉश और 10 मदिरा भट्टियां नष्ट की गईं। मौके से 78 लीटर हथकड़ मदिरा भी जब्त की गई।
पाली की सांसी बस्ती में दबिश के दौरान एक हजार लीटर वॉश नष्ट करने के साथ अवैध मदिरा बनाने वाली भट्टियों को भी नष्ट किया गया।
चित्तौड़गढ़ में 3,500 लीटर वॉश नष्ट
चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं और डूंगला क्षेत्रों में आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 3,500 लीटर वॉश और दो मदिरा भट्टियां नष्ट कीं। इस दौरान देशी मदिरा के 32 पव्वे और हथकड़ मदिरा की 13 बोतलें भी जब्त की गईं। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
पूरे प्रदेश में अभियान जारी
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में अवैध मदिरा के खिलाफ गश्त, नाकाबंदी और दबिश की कार्रवाई जारी है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और आबकारी निरोधक दलों को अवैध मदिरा के निर्माण एवं कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।

