नशे के खिलाफ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली 21 अक्टूबर को राजस्थान में करेगी प्रवेश; जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में होगा स्वागत..

नशे के खिलाफ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली 21 अक्टूबर को राजस्थान में करेगी प्रवेश; जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में होगा स्वागत..

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

जयपुर 15 अक्टूबर2026

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत “FIGHT AGAINST DRUGS” विषय पर राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली निकाली जा रही है। रैली में प्रत्येक राज्य, केन्द्र शासित प्रदेश, सीएपीएफ और सीपीओ से 5 सदस्यों की टीम शामिल होगी। ये टीमें अपने राज्य की राजधानी या बल मुख्यालय से रवाना होकर 26 अक्टूबर तक एकता नगर पहुंचेंगी। रैली में करीब 250 मोटरसाइकिल राइडर भाग लेंगे।
रैली हरियाणा बॉर्डर पर कोटपूतली-बहरोड़ जिले से राजस्थान में प्रवेश करेगी और जयपुर ग्रामीण, जयपुर शहर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर व डूंगरपुर होते हुए गुजरात सीमा में प्रवेश करेगी।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था श्री वी के सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार 20 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम आगरा से जयपुर पहुंचेगी। 21 अक्टूबर को सीआरपीएफ, बीएसएफ, एनआईए, आरपीएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनएसजी, एसएसबी सहित विभिन्न बलों व राज्य पुलिस की संयुक्त रैली दिल्ली से रवाना होकर जयपुर आएगी, जिसे दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री हरी झंडी दिखाएंगे। रात्रि विश्राम जयपुर में होगा।
22 अक्टूबर को रैली जयपुर से अजमेर (135 किमी) पहुंचेगी, जहां से राजस्थान पुलिस की टीम भी उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ रैली का हिस्सा बनेगी। 23 अक्टूबर को अजमेर से चित्तौड़गढ़ होते हुए उदयपुर (284 किमी) और 24 अक्टूबर को उदयपुर से गांधीनगर (260 किमी) का सफर तय किया जाएगा।
राजस्थान में रैली का स्वागत और रवानगी इस प्रकार होगी:
● बहरोड़ (कोटपूतली-बहरोड़):  रैली का स्वागत और रवानगी दोनों बहरोड़ में होंगे।
●जयपुर: रैली का स्वागत 21 अक्टूबर को आमेर किले पर किया जाएगा। अगले दिन 22 अक्टूबर को अल्बर्ट हॉल, रामनिवास बाग से रैली को रवाना किया जाएगा, जहां डीजीपी राजस्थान हरी झंडी दिखाएंगे।
● अजमेर: रैली 22 अक्टूबर को सीआरपीएफ कैंप पहुंचेगी, जहां उसका स्वागत होगा। 23 अक्टूबर को आनासागर झील से रवानगी होगी, जहां आईजी अजमेर हरी झंडी दिखाएंगे।
● चित्तौड़गढ़: 23 अक्टूबर को कीर्ति स्तम्भ पर रैली का स्वागत होगा। उसी दिन चित्तौड़गढ़ किले से रैली रवाना होगी।
● उदयपुर: 23 अक्टूबर को फतेहसागर झील पर रैली का स्वागत किया जाएगा। 24 अक्टूबर को उदयसागर झील से रवानगी होगी, जहां आईजी उदयपुर हरी झंडी दिखाएंगे।
स्वागत एवं रवानगी स्थलों पर जयपुर में पुलिस उपायुक्त उत्तर श्री करण शर्मा व पुलिस उपायुक्त पूर्व श्रीमती रंजीता शर्मा, कोटपूतली-बहरोड़ में एसपी श्री सतवीर सिंह, अजमेर में एसपी श्री हर्षवर्धन अग्रवाला, चित्तौड़गढ़ में एसपी श्री धर्मेन्द्र सिंह और उदयपुर में एसपी डॉ. अमृता दुहन को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
एडीजी श्री सिंह ने बताया कि रवानगी स्थलों पर स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और आमजन के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे। ठहराव स्थलों पर एनजीओ, एनसीबी अधिकारियों, इच्छुक महिलाओं तथा एनसीसी-एनएसएस सहित स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी से नशे के विरुद्ध जागरूकता संवाद कराया जाएगा।
स्वागत स्थलों पर “FIGHT AGAINST DRUGS” के बैनर, बंटिंग और फ्लायर्स लगाए जाएंगे। प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाकर नशे के खिलाफ लड़ाई और राष्ट्रीय एकता दिवस के प्रतीक प्रदर्शित किए जाएंगे।
व्यवस्थाओं के लिए उप महानिरीक्षक पुलिस आर्म्ड बटालियन श्रीमती श्वेता धनखड़ को राजस्थान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी जिलों के एसपी रैली के लिए लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त करेंगे, एस्कॉर्ट पार्टी उपलब्ध कराएंगे तथा यातायात व सुरक्षित पार्किंग सुनिश्चित करेंगे। ब्रेक डाउन या चिकित्सकीय आपात स्थिति में भी संबंधित एसपी तत्काल सहायता देंगे। प्रत्येक जिले में आरपीएस रैंक के अधिकारी की अगुवाई में कंट्रोल रूम स्थापित कर रैली की निगरानी की जाएगी।
पांचवीं बटालियन आरएसी, जयपुर द्वारा गाइडिंग वाहन तथा राजस्थान पुलिस टीम के मैकेनिक व सामान के लिए वाहन की व्यवस्था की जाएगी। गाइडिंग वाहन में आरपीएस स्तर का अधिकारी कोटपूतली-बहरोड़ से उदयपुर तक साथ रहेगा। टीमों के आवास व भोजन की व्यवस्था उदयपुर में एसपी, जयपुर में निदेशक राजस्थान पुलिस अकादमी व चतुर्थ/पांचवीं बटालियन के कमाण्डेन्ट तथा अजमेर में सीआरपीएफ द्वारा की जाएगी।
इन जिलों में रैली के मार्ग में फोटो-वीडियो और ड्रोन से स्वागत व फ्लैग ऑफ समारोह की वीडियोग्राफी की जाएगी। इन्हें एकता दिवस परेड में दिखाई जाने वाली शॉर्ट फिल्म में शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *