बस्ती में पुलिस का एक्शन: दो युवक गिरफ्तार, पिस्टल और तमंचा बरामद
गौरव रक्षक/अमरदीप
उत्तर प्रदेश: बस्ती 29 अक्टूबर 2026,
परसरामपुर में पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई; कारतूस, नकदी और बाइक भी जब्त
बस्ती। जनपद के परसरामपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस 7.65 एमएम, एक तमंचा 315 बोर, 810 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, दो गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुरुवार दोपहर करीब 12:50 बजे विछनैया ताल के पास घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष गुप्ता (23) पुत्र गोविन्द गुप्ता, निवासी कस्बा परसरामपुर, जनपद बस्ती, तथा चन्द्र प्रकाश यादव (24) पुत्र चन्द्रिका प्रसाद यादव, निवासी पायर कोहना, थाना छपिया, जनपद गोंडा के रूप में हुई है।
पिस्टल, तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस 7.65 एमएम, एक तमंचा 315 बोर और 810 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल संख्या UP 51 AK 6543 भी जब्त की गई। पुलिस ने मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया है।
इस मामले में थाना परसरामपुर में मुकदमा अपराध संख्या 336/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक झारखंडेय पाण्डेय, अजीत कुमार यादव, हेड कांस्टेबल विकास सिंह, दीनानाथ, कांस्टेबल रोहित यादव सहित एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव और एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

