जैसलमेर में अंतरराज्यीय नकबजन गैंग का 20 दिन में पर्दाफाश: 5 आरोपी गिरफ्तार, कई वारदातों का खुलासा

जैसलमेर में अंतरराज्यीय नकबजन गैंग का 20 दिन में पर्दाफाश: 5 आरोपी गिरफ्तार, कई वारदातों का खुलासा

जयपुर 29 अक्टूबर।

गौरव रक्षक/ राजेंद्र कुमार शर्मा

जैसलमेर पुलिस ने रात में घरों में घुसकर नकबजनी करने वाली शातिर अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम के सहयोग से हुई इस संयुक्त कार्रवाई में घटना के करीब 20 दिन के भीतर गिरोह तक पहुंचा गया। पूछताछ में आरोपियों ने जैसलमेर जिले के कई क्षेत्रों में वारदातें करना स्वीकार किया है।
भैंसड़ा में एक ही रात दो घरों में चोरी
5 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम भैंसड़ा में अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग घरों में नकबजनी की। परिवादी भंवरूराम पुत्र जोगाराम ने थाना सांकड़ा में रिपोर्ट दी कि चोरों ने उनके कमरे और सूटकेस के ताले तोड़कर एक सोने की अंगूठी, चार जोड़ी सोने के लूंग, एक चांदी की कटोरी, चार चांदी के सिक्के और 6,000 रुपये नकद चुरा लिए। उसी रात उनके चचेरे भाई राजेश कुमार (28) के घर में भी चोर पीछे के दरवाजे से घुसे और कमरे व अलमारी के ताले तोड़कर करीब 30 तोला चांदी की पायजेब और 50,000 रुपये नकद ले गए। थाना सांकड़ा में 6 अक्टूबर 2026 को मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
विशेष टीमें गठित, ऐसे पहुंची पुलिस गैंग तक
रात्रिकालीन नकबजनी की रोकथाम और त्वरित खुलासे के लिए एसपी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण वीरेन्द्र सिंह, वृत्ताधिकारी जैसलमेर रूपसिंह ईंदा और वृत्ताधिकारी पोकरण कैलाश कंवर को विशेष निर्देश दिए। थाना सांगड़, सांकड़ा और सदर जैसलमेर के थानाधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें बनीं, जिनके कार्यों की रोजाना निगरानी की गई।
टीमों ने घटनास्थलों और संभावित आवागमन मार्गों का बारीकी से विश्लेषण किया, तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया और मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आसूचना जुटाई। मानवीय आसूचना और तकनीकी विश्लेषण से मिले सुरागों पर सांगड़ थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने चित्तौड़गढ़ जिले में जिला विशेष टीम के सहयोग से गैंग का पर्दाफाश किया। टीम ने दिन-रात मेहनत कर और भेष बदलकर आरोपियों की आसूचना व डेटा जुटाया।
गिरफ्तार आरोपी
मामले में पुलिस ने आरोपी जसवंत कंजर पुत्र लक्ष्मीनारायण, लोकेश पुत्र पियूलाल, बहादुर दरोगा पुत्र रतनलाल,धर्मराज दरोगा पुत्र कालू निवासी बेंगू तथा राहुल कुमार सोनी पुत्र मिठालाल निवासी राश्मी जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया गया है।
इन वारदातों को करना कबूला
– 6 अक्टूबर 2026 की रात गांव चेलक (थाना खुहड़ी) में नकबजनी
– 7 सितम्बर 2026 की रात सांवला गांव (थाना सदर जैसलमेर क्षेत्र) में नकबजनी
– 5 अगस्त 2026 की रात गांव झाबरा (थाना भणियाणा) में नकबजनी
– 17 मार्च 2026 की रात कस्बा फतेहगढ़ (थाना सांगड़) में नकबजनी
– करीब 7-8 माह पूर्व थाना फलसुण्ड क्षेत्र में नकबजनी
वारदात का तरीका
गैंग मोबाइल फोन बंद कर ट्रेलर, ईको और बोलेरो जैसे वाहनों में सवार होकर वारदात स्थल से 3-4 किलोमीटर दूर आधी टीम को उतार देती थी। वाहन सवार निर्धारित स्थान पर लौटने की बात कहकर आगे निकल जाते थे। आधी टीम गांव में मकानों की रैकी कर चोरी करती और तय समय पर वाहन के लौटने पर साथियों के साथ सीधे बेंगू निकल जाती थी।
आरोपी जसवंत पर कई जिलों में दर्ज हैं मामले
आरोपी जसवंत कंजर के विरुद्ध बूंदी, भीलवाड़ा, पाली, नागौर और सिरोही जिलों के विभिन्न थानों में 2019 से 2022 के बीच नकबजनी, चोरी और आर्म्स एक्ट के 16 प्रकरण दर्ज हैं। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ और अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *