“राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर भीलवाड़ा में दो दिवसीय भव्य आयोजन, परेड, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम”..
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
16अप्रैल 2026, भीलवाड़ा।
जिला पुलिस भीलवाड़ा द्वारा राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 15 व 16 अप्रैल 2026 को पुलिस लाइन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों, जवानों, उनके परिवारों, सेवानिवृत्त कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।

15 अप्रैल की सांय पुलिस लाइन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस जवानों, स्थानीय कलाकारों एवं पुलिस परिवार के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का आनंद उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक लिया।

इस दौरान जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस कर्मियों के बच्चों एवं कलाकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने जवानों और उनके परिवारों को संबोधित करते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इसी क्रम में जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को नजदीकी पुलिस थानों एवं अभय कमांड सेंटर का भ्रमण करवाकर पुलिस कार्यप्रणाली एवं कानून संबंधी जानकारी भी दी गई।

16 अप्रैल को पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में सेरेमोनियल परेड आयोजित की गई, जिसकी सलामी जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा ली गई। परेड का नेतृत्व आईपीएस प्रोबेशनर आयुष क्षौत्रिय ने किया। इस अवसर पर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सायंकाल पुलिस बैंड प्रदर्शन एवं पुलिस प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। बेदाग सेवा पूर्ण करने पर 30 अधिकारियों/कर्मचारियों को ‘सर्वोत्तम’, 14 को ‘अति उत्तम’ एवं 121 को ‘उत्तम’ सेवा चिन्ह प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों के साथ संवाद कर उन्हें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा डिस्पेंसरी में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए ‘रक्तदान महादान’ के संकल्प को साकार किया।
इस प्रकार दो दिवसीय आयोजन के माध्यम से जिला पुलिस भीलवाड़ा ने जहां अपनी परंपराओं और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, वहीं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी प्रभावी संदेश दिया।

