ऑपरेशन त्रिनेत्र: प्रतापगढ़ में तस्कर बादशाह खान की 81.60 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज, एनडीपीएस की धारा 68-एफ(1) में कार्रवाई

ऑपरेशन त्रिनेत्र: प्रतापगढ़ में तस्कर बादशाह खान की 81.60 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज, एनडीपीएस की धारा 68-एफ(1) में कार्रवाई

जयपुर 29 अक्टूबर।

गौरव रक्षक/ राजेंद्र कुमार शर्मा

महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देश अनुसार राज्य में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत प्रतापगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त बादशाह खान की करीब 81 लाख 60 हजार रुपये की अवैध संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के तहत फ्रीज करवाया है।
जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग के मार्गदर्शन में कोटड़ी थानाधिकारी ठाकराराम ने संपत्ति फ्रीजिंग का प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार की ओर से अधिकृत सक्षम प्राधिकारी एवं एडमिनिस्ट्रेटर (सफेमा-एफओपी एवं एनडीपीएस एक्ट), नई दिल्ली को भिजवाया था। सक्षम प्राधिकारी ने 28 अक्टूबर 2026 को सुनवाई के बाद फ्रीजिंग आदेश को स्वीकृत कर स्थायी कर दिया।
136 किलो डोडाचूरा पकड़ने से शुरू हुई थी कहानी
1 फरवरी 2023 को अरनोद थानाधिकारी हनुवन्त सिंह ने जाब्ते सहित कार्रवाई करते हुए गांव शोली में सफेद रंग के मिनी ट्रक-टेम्पो से 6 काले कट्टों में भरा 136 किलो अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया था। थाना अरनोद में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू हुआ। डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त में कोटड़ी निवासी बादशाह खान की संलिप्तता प्रमाणित पाए जाने पर एनडीपीएस एक्ट में उसे तथा सह आरोपी जाहिद खान, धीरज सिंह, मांगीलाल कीर, अमजद खान, आरिफ उर्फ काली खान और अन्य को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी बादशाह खान के विरुद्ध सिरोही और प्रतापगढ़ जिले में एनडीपीएस एक्ट के पांच मुकदमे दर्ज हैं।
तस्करी की कमाई से बनाई संपत्ति
बादशाह खान द्वारा तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित करने की गोपनीय सूचना मिलने पर एसपी के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की वित्तीय जांच कर उसकी चल-अचल संपत्तियां चिह्नित कीं। आरोपी लंबे समय से डोडाचूरा, ब्राउन शुगर आदि की तस्करी में लिप्त रहा और इसी अवैध आय से संपत्ति अर्जित की।
फ्रीज की गई संपत्ति
• ग्राम कोटड़ी में आबादी भूमि पट्टा संख्या 09 व 48 पर बना आलीशान मकान: अनुमानित बाजार मूल्य करीब ₹80 लाख
• हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल: करीब ₹60,000
– टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल: करीब ₹1 लाख
इस प्रकार कुल संपत्ति का बाजार मूल्य करीब 81 लाख 60 हजार रुपये है।
कैसे हुई प्रक्रिया
पुलिस ने फ्रीजिंग आदेश तैयार कर 29 सितम्बर 2026 को सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली के समक्ष पेश किया गया था, जिसे स्वीकार कर प्रस्तावित रखा गया। 28 अक्टूबर 2026 को सुनवाई के बाद इसे अप्रूव कर स्थायी किया गया। कोटड़ी थानाधिकारी ने फ्रीज की गई संपत्ति पर बोर्ड लगाए और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सूचित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *