कॉनफेड ने दर्ज किया 94,667.39 लाख रुपये का कारोबार, 1,663 लाख रुपये का शुद्ध लाभ..

कॉनफेड ने दर्ज किया 94,667.39 लाख रुपये का कारोबार, 1,663 लाख रुपये का शुद्ध लाभ..

41वीं वार्षिक साधारण सभा में आरजीएचएस के 265 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान का मुद्दा उठा, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

जयपुर, 30 सितम्बर2026

राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड (कॉनफेड) की 41वीं वार्षिक साधारण सभा बुधवार को सहकार भवन में आयोजित हुई। सभा की अध्यक्षता कॉनफेड प्रशासक एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने की।

वार्षिक साधारण सभा में कॉनफेड की वित्तीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कॉनफेड ने 94,667.39 लाख रुपये का कुल व्यवसाय किया तथा संस्था ने 1,663 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया।

सभा में कॉनफेड की कार्यप्रणाली, वित्तीय स्थिति, व्यावसायिक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. समित शर्मा ने संस्था की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आरजीएचएस के 265 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान का मुद्दा उठा

वार्षिक साधारण सभा में सदस्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने मेडिकल व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधियों ने आरजीएचएस योजना के तहत करीब 265 करोड़ रुपये की बकाया राशि के भुगतान, प्रशासनिक प्रभार को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने तथा टीपीए द्वारा लगाए जाने वाले आक्षेपों के कारण भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा उठाया।

प्रतिनिधियों ने कहा कि भुगतान में देरी और बढ़ते वित्तीय भार के कारण सहकारी भंडारों के सामने वित्तीय कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉनफेड प्रशासक डॉ. समित शर्मा ने बैठक में उपस्थित वित्त विभाग एवं आरजीएचएस विभाग के अधिकारियों को संबंधित समस्याओं की समीक्षा कर त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जन औषधि केन्द्र, ई-सहकारी फार्मेसी और मिलेट आउटलेट्स बढ़ाने पर जोर

सभा में कॉनफेड की गतिविधियों को और प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे गए। आमजन को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्रों के विस्तार का प्रस्ताव रखा गया।

इसके साथ ही लोगों को घर बैठे दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए ई-सहकारी फार्मेसी शुरू करने तथा श्री अन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के लिए मिलेट आउटलेट्स की संख्या बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए।

इन प्रस्तावों को सभा में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।

सभा में कॉनफेड की आगामी कार्ययोजनाओं, व्यावसायिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

वार्षिक साधारण सभा में वित्त विभाग के संयुक्त शासन सचिव (व्यय), आरजीएचएस विभाग के अधिकारी, अतिरिक्त रजिस्ट्रार द्वितीय, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मार्केटिंग) एवं प्रबंध संचालक, कॉनफेड सहित संबंधित अधिकारीगण तथा सदस्य संस्थाओं के अध्यक्ष एवं प्रशासक उपस्थित रहे।

अंत में प्रबंध संचालक, कॉनफेड ने सभा में उपस्थित सभी सदस्यों एवं अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही वार्षिक साधारण सभा का सधन्यवाद समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *