ऑपरेशन साथ-साथ: महिला थाना पुलिस ने टूटते दो परिवारों को फिर जोड़ा.. काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने भुलाए मतभेद, साथ रहने पर हुए राजी

ऑपरेशन साथ-साथ: महिला थाना पुलिस ने टूटते दो परिवारों को फिर जोड़ा..

काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने भुलाए मतभेद, साथ रहने पर हुए राजी

गौरव रक्षक/अमरदीप

बस्ती, 30 सितम्बर 2026

महिला थाना पुलिस ने मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए आपसी मन-मुटाव के कारण अलग रह रहे दो दंपतियों को काउंसलिंग के माध्यम से फिर से एक साथ रहने के लिए राजी किया।

महिला थाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन साथ-साथ टूटते हुए परिवारों को जोड़ने की एक पहल” के तहत यह कार्रवाई की गई। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. शालिनी सिंह के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी बिनु सिंह एवं महिला आरक्षी सोनी भारती की टीम ने दोनों दंपतियों की काउंसलिंग की।

काउंसलिंग के दौरान पुलिस टीम ने दोनों पक्षों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना तथा आपसी मन-मुटाव और पारिवारिक कलह के कारणों को समझने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को आपसी संवाद, समझदारी और परिवार के महत्व के बारे में समझाते हुए विवाद को समाप्त करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस की समझाइश और प्रयासों के बाद दोनों दंपतियों ने अपने मतभेद भुलाकर एक साथ हंसी-खुशी जीवन बिताने पर सहमति जताई। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने दोनों परिवारों के बीच सुलह-समझौता कराकर उन्हें खुशी-खुशी साथ विदा किया।

महिला थाना पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। “ऑपरेशन साथ-साथ” पारिवारिक विवादों को संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाने तथा टूटते परिवारों को फिर से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *