बांदीकुई में ACB का बड़ा ट्रैप: 10 हजार की रिश्वत मांगी, 5 हजार लेते तीन गिरफ्तार
मीटर बदलने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप; रेलवे के सेक्शन ऑफिसर सहित DISCOM के AEN और लाइनमैन कार्रवाई की जद में
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
बांदीकुई, 30सितम्बर 2026
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बांदीकुई में कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में रेलवे के सेक्शन ऑफिसर धर्मराज गुर्जर, बांदीकुई DISCOM के AEN छोटेलाल सैनी तथा लाइनमैन धर्मेन्द्र सैनी को ट्रैप किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीटर बदलने की एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत ACB को मिली थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए तीनों को पकड़ लिया गया।
ACB की यह कार्रवाई ASP ज्ञानसिंह चौधरी के नेतृत्व तथा DIG डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई के बाद ACB टीम द्वारा प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सत्यापन के बाद हुई कार्रवाई
ACB ने पहले शिकायत का सत्यापन किया और रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि लेते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ा गया। मामले में ACB द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ एवं प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

