सिरोही पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: राजकोट में हत्या कर 1.55 करोड़ का सोना लूटने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, 2950 किलो गांजे की खेती नष्ट, अफीम दूध के साथ तस्कर पकड़ा…

सिरोही पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: राजकोट में हत्या कर 1.55 करोड़ का सोना लूटने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, 2950 किलो गांजे की खेती नष्ट, अफीम दूध के साथ तस्कर पकड़ा…

गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा

जयपुर 17 अक्टूबर 20226

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देशन में सिरोही जिला पुलिस ने अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुजरात के राजकोट शहर में हत्या कर सोना-चांदी लूटने की वारदात के बाद फरार हो रहे आरोपियों को पकड़ने में गुजरात पुलिस की मदद की। वहीं, जिले में मक्का और सौंफ की फसल की आड़ में की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में गांजे के पौधे जब्त किए तथा एक अन्य कार्रवाई में अफीम दूध बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
राजकोट में हत्या और 1.55 करोड़ रुपये के सोना-चांदी की लूट के मामले में चार आरोपी पकड़े
गुजरात के राजकोट स्थित आजी जीआईडीसी क्षेत्र में सोना-चांदी के आभूषण निर्माण करने वाली फर्म तन्वी एक्सपोर्ट इंडिया लिमिटेड के कर्मचारी लालजीभाई सरधारा 14 अक्टूबर 2026 की शाम रिफाइनरी से रिफाइंड सोना-चांदी लेकर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनसे थैला लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिससे लालजीभाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। आरोपी करीब 1.55 करोड़ रुपये मूल्य का सोना-चांदी लूटकर कार से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष सिरोही से प्राप्त सूचना पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र कुमार के निर्देशन तथा वृताधिकारी पिण्डवाड़ा श्री राहुल कुमार मीणा के नेतृत्व में पिण्डवाड़ा थाना पुलिस ने जनापुर चौराहे पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध टाटा टिगोर कार को रुकवाकर उसमें सवार विशाल सिंह, शिवम गुप्ता और अनुराग सिंह को दस्तयाब किया गया। कार से भागे अश्विनी सिंह उर्फ लंकेश को भी झाड़ोली बाईपास पर एक निजी बस से दस्तयाब कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर उदयपुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस थाना सुखेर, उदयपुर की टीम ने दूसरी कार में जा रहे शिवम पाण्डे उर्फ आसु चतुर्वेदी एवं अजीत पाण्डे उर्फ लालू को दस्तयाब कर लूटा गया सोना-चांदी बरामद किया। आरोपियों से मिली जानकारी के अनुसार घटना में प्रयुक्त हथियार गुजरात के चोटिला माता मंदिर के पास एक गेस्ट हाउस में ठहरे अन्य साथियों के पास होने की सूचना गुजरात क्राइम ब्रांच को भी दी गई। इस कार्रवाई में सिरोही पुलिस ने फरार आरोपियों की धरपकड़ में गुजरात पुलिस को महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
लूटी गई संपत्ति में करीब 946 ग्राम रिफाइंड सोने की सिल्लियां, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ 48 लाख 90 हजार रुपये, तथा करीब 2.870 किलोग्राम चांदी का पाउडर, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है। कुल बरामद संपत्ति का मूल्य लगभग 1 करोड़ 55 लाख 7 हजार रुपये है।
मक्का-सौंफ की फसल की आड़ में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरोही पुलिस ने रोहिड़ा थाना क्षेत्र के वालोरिया स्थित पगारा फली में मक्का और सौंफ की फसल की आड़ में की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। पुलिस ने अलग-अलग खेतों में कार्रवाई करते हुए कुल 2,950.84 किलोग्राम वजन के गांजे के हरे पौधे जब्त किए। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच प्रकरण दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।


यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र कुमार एवं वृताधिकारी पिण्डवाड़ा श्री राहुल मीणा के निकट सुपरविजन में की गई। रोहिड़ा थानाधिकारी श्री ओमकरण के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई शुरू की गई। अलग-अलग खेतों एवं खातेदारों से संबंधित होने के कारण पिण्डवाड़ा, स्वरूपगंज और आबूरोड सदर थाना पुलिस की टीमों ने भी कार्रवाई में भाग लिया। गिरफ्तार आरोपियों से गांजे की खेती के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
नाकाबंदी के दौरान 897 ग्राम अफीम दूध बरामद, थार वाहन जब्त
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एक अन्य कार्रवाई में पिण्डवाड़ा थाना पुलिस ने मोरस हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान सूचना के आधार पर एक आरोपी को दस्तयाब कर थैली सहित 897 ग्राम अफीम दूध बरामद किया। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त थार वाहन को भी जब्त किया है।
16 अक्टूबर को उपनिरीक्षक लादुसिंह, सहायक उपनिरीक्षक नारायणलाल एवं डीएसटी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लोकेन्द्र सिंह निवासी हरषाणी थाना गिराब जिला बाड़मेर को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उदयपुर से थार वाहन में अफीम दूध लेकर आ रहा था। रास्ते में पुलिस का संदेह होने पर वाहन भगाने के दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो गई और उसके दो टायर पंचर हो गए। इसके बाद वह वाहन को झाड़ियों में छोड़कर अफीम दूध लेकर पहाड़ी की तरफ चला गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अनुसंधान जारी है।
अपराध और नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई
सिरोही जिला पुलिस की इन तीन कार्रवाइयों में एक ओर गंभीर लूट-हत्या की वारदात के बाद फरार आरोपियों की धरपकड़ में गुजरात पुलिस को सहयोग मिला, वहीं दूसरी ओर अवैध गांजा खेती और अफीम दूध की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के स्रोत, खेती से जुड़े लोगों और तस्करी नेटवर्क के संबंध में अनुसंधान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *