राजस्थान में एलपीजी, पेट्रोलियम व उर्वरक आपूर्ति पर्याप्त, घबराने की जरूरत नहीं : भजनलाल शर्मा, सर्वदलीय बैठक में सरकार सतर्क, कालाबाजारी रोकने में जनता से सहयोग की अपील…

राजस्थान में एलपीजी, पेट्रोलियम व उर्वरक आपूर्ति पर्याप्त, घबराने की जरूरत नहीं : भजनलाल शर्मा,
सर्वदलीय बैठक में सरकार सतर्क, कालाबाजारी रोकने में जनता से सहयोग की अपील…

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

जयपुर/भीलवाड़ा, 26 मार्च2026

प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोलियम और उर्वरक आपूर्ति को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक में स्पष्ट किया गया कि राज्य में तेल, गैस और उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों के बावजूद राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की और राज्यहित में मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया। मुख्यमंत्री ने भी दलों के सुझावों का स्वागत करते हुए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की कि वे एलपीजी के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर उच्च स्तरीय समिति तथा जिला स्तर पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। समस्याओं के समाधान के लिए 181, 112 और 14435 हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे संचालित हैं।

बैठक में यह भी बताया गया कि घरेलू गैस वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए ओटीपी सिस्टम लागू किया गया है तथा डिलीवरी के समय पासबुक में एंट्री अनिवार्य की गई है। साथ ही, पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है, जिससे घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सुरक्षित विकल्प मिल सके।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित विभिन्न दलों के विधायक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी दलों ने एकजुट होकर प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।

प्रवासी राजस्थानियों की मदद में आगे आया राजस्थान फाउंडेशन
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से मध्यपूर्व देशों में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों से वर्चुअल संवाद भी किया। उन्होंने बताया कि रियाद, कुवैत, बहरीन और दुबई जैसे स्थानों पर फाउंडेशन के चैप्टर्स ने प्रवासियों को सुरक्षित आवास, भोजन और वतन वापसी में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार भविष्य में भी प्रवासी राजस्थानियों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *