दीपावली से पहले नकली घी के कारोबार पर CID क्राइम ब्रांच का बड़ा प्रहार, तीन आरोपी गिरफ्तार…
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
जयपुर, 01 नवम्बर2026
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप प्रदेश में नकली एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ के तहत सीआईडी क्राइम ब्रांच ने श्रीगंगानगर जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दीपावली के त्योहार से पूर्व की गई इस कार्रवाई में दो अलग-अलग फर्मों पर छापेमारी कर कुल 22,138 लीटर नकली एवं संदिग्ध घी जब्त किया गया है। जब्त घी की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान नकली घी की बिक्री से प्राप्त 3.50 लाख रुपये भी जब्त किए गए हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
दो फर्मों पर की गई अलग-अलग कार्रवाई
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा) श्री बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में संचालित विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती के.बी. वंदना एवं उप महानिरीक्षक श्री प्रहलाद कृष्णियां के सुपरविजन तथा उपनिरीक्षक श्री शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने आसूचना संकलित कर कार्रवाई की।
सीआईडी क्राइम ब्रांच के हेड कांस्टेबल श्री बृजेश शर्मा को सूचना मिली थी कि गुजरात के सूरत शहर से पॉम ऑयल मंगवाकर उसमें केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा एक्सपायर्ड घी को दोबारा तैयार कर गाय का शुद्ध घी बताकर सस्ते दामों में श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम ने पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर श्री हरिशंकर यादव एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर सिटी श्री नितिन चौधरी (आईपीएस) से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद पुलिस थाना सदर एवं जिला विशेष टीम को साथ लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई की गई।
अनन्या ट्रेडिंग कम्पनी से 16,394 लीटर नकली घी बरामद
पहली कार्रवाई अनन्या ट्रेडिंग कम्पनी के गोदाम एवं फैक्ट्री पर की गई। संयुक्त टीम को चौधरी कॉम्पलेक्स स्थित गोदाम में तीन व्यक्ति मिले। पूछताछ में उनकी पहचान राम तायल (26), मुकेश कुमार (24) निवासी जवाहर नगर जिला श्रीगंगानगर एवं विकास कुमार (42) निवासी लालगढ़ जाटान जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई। गोदाम के संबंध में राम तायल ने बताया कि उसकी पत्नी के नाम से अनन्या ट्रेडिंग कम्पनी संचालित है तथा पिछले करीब छह माह से इस गोदाम को किराये पर लेकर कारोबार किया जा रहा है।
चार ब्रांड के नाम से तैयार किया जा रहा था नकली घी
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा गोदाम का निरीक्षण करने पर त्रिसल्वा, बांसुरी, श्रीनंद एवं मायरा ब्रांड के नाम से पैक किए हुए घी के टीन एवं कार्टन बड़ी मात्रा में मिले। जांच के दौरान इन ब्रांडों के अलावा बिना लेबल वाले टीन तथा एक्सपायरी डेट का घी भी बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध घी की जांच कर सैम्पलिंग की कार्रवाई की।
गोदाम में अलग-अलग ब्रांड के नाम से बरामद घी का विवरण इस प्रकार है:
• त्रिसल्वा ब्रांड: 3,558 लीटर
• बांसुरी ब्रांड: 6,275 लीटर
• श्रीनंद ब्रांड: 5,586 लीटर
• मायरा ब्रांड: 90 लीटर
• बिना लेबल वाले टीन: 390 लीटर
• एक्सपायरी डेट का बांसुरी ब्रांड घी: 495 लीटर
इस प्रकार गोदाम से कुल 16,394 लीटर नकली देशी घी बरामद हुआ। विभिन्न पैकिंग पर निर्माण दिनांक 1 नवम्बर 2026 एवं एक्सपायरी दिनांक 31 जुलाई 2027 अंकित थी।
एक्सपायरी घी पर नए रैपर लगाकर दोबारा बेचने का खुलासा
गोदाम में जांच के दौरान घी के अतिरिक्त पैकिंग सामग्री, विभिन्न ब्रांड के रैपर, स्टीकर, खाली कार्टन एवं डिब्बे भी मिले। मौके पर एक पैकिंग मशीन, गैस भट्टी, सिलेंडर टंकी तथा करीब 60-70 लीटर क्षमता का ढक्कन सहित एक बर्तन भी मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि डीलरों से वापस आने वाले खराब माल एवं एक्सपायरी टीन व कार्टन पर पुराने रैपर हटाकर नए स्टीकर और रैपर लगाए जाते थे तथा इसके बाद माल को दोबारा बाजार में भेज दिया जाता था।
गुजरात की कम्पनी से माल मंगवाकर करते थे सप्लाई
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि राम तायल गुजरात की देवकुंज मिल्क प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड से पाम ऑयल एवं वनस्पति मंगवाता था। इसके लिए कम्पनी के प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क किया जाता था। माल की कुछ खरीद बिल के माध्यम से तथा कुछ खरीद बिना बिल के किए जाने की बात भी सामने आई है। राम तायल ने बताया कि माल की सप्लाई श्रीगंगानगर के डीलर मुकेश कुमार डालमिया की जे.बी. ट्रेडिंग कम्पनी सहित अन्य डीलरों को की जाती थी। राम तायल एवं मुकेश कुमार ने सप्लाई और मार्केटिंग के लिए विकास कुमार को भी साथ रखा हुआ था, जिसे प्रति लीटर कमीशन दिया जाता था।
3.50 लाख रुपये की नकदी और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने राम तायल के कब्जे से नकली घी की बिक्री से प्राप्त 3 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए तथा तीनों आरोपियों के पास से कुल चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गोदाम में रखे घी की भारी मात्रा को देखते हुए उसे मौके पर ही सुरक्षित रखकर गोदाम के शटर पर ताला लगाकर सील किया गया। मौके पर खड़ी मारुति वैन को भी नकली घी के परिवहन में प्रयुक्त होना बताया गया है।
न्यू विजय ट्रेडिंग कम्पनी से 5,744 लीटर संदिग्ध घी जब्त
सीआईडी क्राइम ब्रांच एवं संयुक्त टीम ने दूसरी कार्रवाई श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ बाईपास स्थित न्यू विजय ट्रेडिंग कम्पनी पर की। यहां से 5,744 लीटर संदिग्ध घी बरामद किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संदिग्ध घी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रकार दोनों फर्मों पर की गई कार्रवाई में कुल 22,138 लीटर नकली एवं संदिग्ध घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये है।
सीआईडी क्राइम ब्रांच एवं स्थानीय पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम से उपनिरीक्षक श्री शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक श्री दुष्यंत सिंह, हेड कांस्टेबल श्री कृष्ण गोपाल एवं हेड कांस्टेबल श्री बृजेश कुमार शर्मा की विशेष भूमिका रही।
स्थानीय पुलिस टीम में पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी सदर श्री सुभाष चन्द्र, उपनिरीक्षक श्री रामपाल, हेड कांस्टेबल श्री मनफूल एवं कांस्टेबल श्री कैलाशचन्द्र शामिल रहे।
इसी प्रकार डीएसटी श्रीगंगानगर टीम से उपनिरीक्षक श्री जयकुमार भादू, सहायक उपनिरीक्षक श्री सुरेन्द्र जियानी, हेड कांस्टेबल श्री संदीप धोरी, श्री कृष्ण साहू, कांस्टेबल श्री शेखर, श्री प्रमोद कुमार एवं चालक कांस्टेबल श्री दिनेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अन्य गोदामों एवं फर्मों पर भी कार्रवाई जारी
सीआईडी क्राइम ब्रांच द्वारा नकली एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। श्रीगंगानगर में सामने आए इस मामले में अन्य गोदामों एवं फर्मों पर भी कार्रवाई जारी है। अभियान का उद्देश्य आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना तथा मिलावटखोरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना है।

