बाली पंचायत समिति की भीटवाड़ा-टीपरी में चुनावी आचार संहिता की उड़ाई धज्जियां, ग्रामीणों ने लगाए संगीन आरोप..

बाली पंचायत समिति की भीटवाड़ा-टीपरी में चुनावी आचार संहिता की उड़ाई धज्जियां, ग्रामीणों ने लगाए संगीन आरोप..

– जिला कलेक्टर को दिया ज्ञापन, कार्रवाई की उठाई मांग

– मतदाताओं को प्रलोभन देने और डराने-धमकाने की शिकायत, तालाब पर अतिक्रमण सहित अन्य मुद्दे भी उठाए

गौरव रक्षक/ न्यूज नेटवर्क

पाली, 27अक्टूबर 2026

पंचायती राज चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियों के बीच पाली जिले में बाली पंचायत समिति के भीटवाड़ा-टीपरी ग्राम पंचायत में चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया। ग्राम पंचायत के मतदाताओं ने सोमवार को जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र गोस्वामी को पाली आकर शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि धर्म और जाति की आड़ में भी भ्रामक प्रचार कर चुनाव आयोग के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

शिकायत में आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में सरपंच का चुनाव लड़ रही सुलक्षणा कंवर के पति दिलीप सिंह पुत्र गुलाब सिंह राजावत की ओर से मतदाताओं को खुलेआम स्कूटी, साइकिलें, नकदी, शराब, नशीले पदार्थ और खाद्य सामग्री जैसे प्रलोभन दिए गए। इतना ही नहीं, उपहार स्वीकार नहीं करने वाले मतदाताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने इसे चुनावी आचार संहिता और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान की भावना के विपरीत बताया।

शिकायत पत्र में यह भी आरोप लगाया गया कि गांव में दिलीप सिंह की ओर से निजी स्तर पर कैमरे लगाकर ग्रामीणों और मतदाताओं पर नजर रखी जा रही है तथा बाहरी लोगों को बुलाकर उनको प्रभावित करने का प्रयास भी किया जा रहा है। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।

तालाब पर अतिक्रमण कर बहाव क्षेत्र को किया बाधित

शिकायत में गांव के प्राकृतिक तालाब पर अतिक्रमण कर बहाव क्षेत्र को बाधित करने तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के गरीब परिवारों की जमीनों पर कब्जे और पक्की दीवार बनाने के आरोप भी लगाए गए। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इन मामलों में कार्रवाई लंबित होने के बावजूद प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

दोषी के खिलाफ हो कार्रवाई, अयोग्य घोषित किया जाए

ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रत्याशी को अयोग्य घोषित करने की मांग की। शिकायत की प्रतिलिपि जिला पुलिस अधीक्षक, राजस्थान निर्वाचन आयोग, जयपुर, मुख्य सचिव, राजस्थान तथा पाली जिले एवं राजस्थान मीडिया को भी भेजी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *