राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अधिकारियों के साथ की विकास योजनाओं की समीक्षा..

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अधिकारियों के साथ की विकास योजनाओं की समीक्षा..

नशामुक्ति, टीबी उन्मूलन और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर दिया जोर

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

नीमराणा (कोटपूतली-बहरोड़), 27 अक्टूबर,2026

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को नीमराणा में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें, ताकि पात्र व्यक्तियों को समय पर लाभ मिल सके।

बैठक में नशामुक्त भारत अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान, शिक्षा, कृषि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

गांव-गांव तक पहुंचाएं नशामुक्ति अभियान

राज्यपाल ने नशामुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने और अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक नशामुक्ति अभियान पहुंचाया जाए तथा निगरानी मजबूत कर आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाई जाए।

टीबी मरीजों की पहचान और उपचार पर जोर

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान राज्यपाल ने टीबी मुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी मरीजों की समय पर पहचान, नियमित उपचार और पात्र मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा आमजन को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार करने और कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक कक्षाएं संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताई। साथ ही विद्यार्थियों को नीट-यूजी, जेईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

किसानों और जरूरतमंदों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

राज्यपाल ने कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रभावी प्रयास करने की आवश्यकता बताई।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन और पालनहार योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद परिवारों से जुड़ी योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा आवेदन एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर बल दिया।

लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें

राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने और विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए, जिससे जिले के विकास को गति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *