बुजुर्ग महिला की हत्या कर गहने लूटे, शव को छत पर ले जाकर जलाकर नदी में फेंके अवशेष,
भीलवाड़ा में सनसनीखेज वारदात का खुलासा, मुख्य आरोपी रवि तापड़िया गिरफ्तार…
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 27अक्टूबर 2026
शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर गहने लूटने और साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी रवि तापड़िया को गिरफ्तार किया है। वारदात वीर सावरकर चौक क्षेत्र की है, जहां करीब 70 वर्षीय कमला कांकरीया की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, कमला कांकरीया अपने घर पर अकेली रहती थीं। उनके बेटे का पहले ही निधन हो चुका था और बहू अपने पीहर में रह रही थी। बताया गया कि आरोपी की नजर महिला के गहनों और पैसों पर थी। इसी लालच में उसने लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

घर में मिला खून से सना फर्श
परिजनों के अनुसार, 12 अक्टूबर को जब महिला के घर पर खाना बनाने आने वाली महिला पहुंची, तो उसे मकान पर ताला लगा मिला। उसने इसकी सूचना परिजनों को दी। बहू की ओर से 15 अक्टूबर को भीमगंज थाने में कमला कांकरीया के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही थी, तब महिला के घर से अकेले जाते दिखाई देने वाले एक युवक पर संदेह हुआ। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो करीब 12 दिन बाद वारदात की परतें खुलने लगीं।

लूट के बाद छत पर जलाया शव
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी रवि तापड़िया ने कथित तौर पर वारदात कबूल की। उसने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर कमला कांकरीया की हत्या की और उनके पास मौजूद सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण लूट लिए। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को छत पर ले जाकर जलाया और अवशेष नदी में फेंक दिए।
नदी में फेंके गए अवशेष, पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
शव के पूरी तरह जल जाने के बाद उसके अवशेष कोठारी नदी में फेंके जाने की बात सामने आई। पुलिस ने नदी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया और अवशेष बरामद किए, ताकि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी और वारदात में इस्तेमाल किए गए साधनों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस जघन्य वारदात से भीलवाड़ा शहर और वीर सावरकर चौक क्षेत्र में शोक व आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

