ड्यूटी से घर लौटे होमगार्ड जवान की अचानक मौत, नवंबर में होनी थी बेटी की शादी…
गौरव रक्षक/ अमरदीप
बस्ती,26 अक्टूबर,2026
गौर थाना क्षेत्र के टिनिच पुलिस चौकी अंतर्गत भदना गांव निवासी 48 वर्षीय होमगार्ड जवान सुभाष चंद्र पांडेय की रविवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह बस्ती के पचपेडिया में यातायात विभाग में ड्यूटी करते थे। जवान की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सबसे दुखद बात यह है कि उनकी बेटी की शादी नवंबर में तय है।
भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मृत घोषित
परिजनों के अनुसार, सुभाष चंद्र पांडेय रविवार शाम ड्यूटी से घर लौटे थे। भोजन करने के बाद वह सोने चले गए। कुछ देर बाद उन्हें बेचैनी और घबराहट होने लगी। पसीना आने और दर्द की शिकायत पर परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी वह बेहोश हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में निजी वाहन से जिला अस्पताल बस्ती लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सुभाष चंद्र पांडेय के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनके छोटे बेटे की पहले ही सांप के डसने से मौत हो चुकी है। वहीं, बेटी की शादी नवंबर में तय है। बड़ा बेटा नोएडा में मजदूरी करने के साथ पढ़ाई भी कर रहा है। परिवार के मुख्य सहारे रहे सुभाष की अचानक मौत से परिजनों के सामने बेटी की शादी सहित कई जिम्मेदारियों को निभाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
साथी जवानों ने पहुंचकर बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने पर यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी, विभाग के कंपनी कमांडर राम सजीव रामचन्द्र, दिलीप, संजय, बृजबिहारी, विनोद सहित बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान भदना गांव स्थित उनके घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
सुभाष चंद्र पांडेय के असामयिक निधन से गांव और होमगार्ड विभाग में शोक का माहौल है।

