ऑपरेशन चक्रव्यूह: बीकानेर रेंज में अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार, हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर में 14 किलो हेरोइन जब्त, 6 तस्कर गिरफ्तार..

ऑपरेशन चक्रव्यूह: बीकानेर रेंज में अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार, हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर में 14 किलो हेरोइन जब्त, 6 तस्कर गिरफ्तार..

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

जयपुर 19 अक्टूबर2026

महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओम प्रकाश के निर्देशन में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बीकानेर रेंज पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार किया है। हनुमानगढ़ के थाना गोलूवाला में 4 तस्करों को गिरफ्तार कर 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 1.85 लाख रुपये नकद और 2 लग्जरी गाड़ियां जब्त की गईं। श्रीगंगानगर के थाना रावला ने 2 तस्करों को गिरफ्तार कर 4 किलो 132 ग्राम हेरोइन जब्त की। दोनों कार्रवाइयों में जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 38 करोड़ रुपये है।
गिरफ्तार तस्करों में एक थाना रावला के अभियोग संख्या 199/2025 में वांछित 20,000 रुपये का तथा बीकानेर के खाजूवाला के अभियोग संख्या 240/2025 में वांछित 15,000 रुपये का इनामी है।
हनुमानगढ़: गोलूवाला में 9.821 किलो हेरोइन के साथ 4 गिरफ्तार
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद और सिटी वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में रविवार 18 अक्टूबर को सीआईडी जोन श्रीगंगानगर से सूचना मिली कि थाना गोलूवाला क्षेत्र में दो संदिग्ध वाहन मौजूद हैं। थानाधिकारी श्री जितेंद्र स्वामी ने टीम सहित तलाश शुरू की। रोही अयालकी, एमओडी नहर के पास दो वाहन खड़े मिले।


तलाशी में 19 पैकेटों में कुल 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन और 1.85 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर मौजूद चारों आरोपियों हासम अली पुत्र शौकत अली (29), उसकी पत्नी रवीना (20) और मां गुलजारा (50) निवासी हांसलिया थाना गोलूवाला (हनुमानगढ़) तथा बलविंदर सिंह पुत्र कश्मीर सिंह (34) निवासी रायपुर गुजरां, थाना महतपुर, तहसील नकोदर (जालंधर) को गिरफ्तार किया।
विशेष भूमिका सीआईडी जोन श्रीगंगानगर के उपनिरीक्षक बंशीलाल व दीप चन्द की रही।
श्रीगंगानगर: रावला में पाकिस्तान से ड्रोन ड्रॉप हेरोइन लेने आए 2 तस्कर पकड़े
जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा और अनूपगढ़ वृत्ताधिकारी जयप्रकाश बेनीवाल के सुपरविजन में रविवार 18 अक्टूबर को थाना सदर के कांस्टेबल कैलाश चन्द्र जाखड़ ने सूचना दी कि थाना रावला क्षेत्र के 365 हैड पर पंजाब के दो व्यक्ति पाकिस्तान से ड्रोन से गिराई गई हेरोइन लेने आए हैं। वे उनकी रेकी भी कर रहे थे। पंजाबी बोलने वाले दोनों व्यक्ति बस का इंतजार कर रहे थे।
रावला थाने की टीम को देखकर दोनों वहां से जाने लगे। टीम ने दस्तयाब कर जांच की तो जसविन्द्र सिंह पुत्र जागीर सिंह (40) और जसवन्त सिंह पुत्र नारायण सिंह (40) निवासी चालावली थाना अरनीवाला तहसील व जिला फाजिल्का (पंजाब) के कब्जे से 8 पैकेट में कुल 4 किलो 132 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
विशेष भूमिका कांस्टेबल 1845 कैलाश जाखड़ की रही।
गत 2 दिन में शराब तस्करी पर भी कार्रवाई
बीकानेर के थाना महाजन ने 780 पेटी अंग्रेजी शराब से भरे कैन्टर सहित 2 तस्करों को गिरफ्तार किया, जिसकी अनुमानित कीमत 72 लाख रुपये है। हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने 380 पेटी चंडीगढ़ निर्मित शराब से भरे कैन्टर सहित 2 तस्करों को गिरफ्तार किया, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये है। इस प्रकार 2 कैन्टर के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार हुए और अंग्रेजी शराब की कुल अनुमानित कीमत 1.42 करोड़ रुपये है।
आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, तस्करी के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रकरणों में अग्रिम अनुसंधान जारी है। बीकानेर रेंज पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध प्रतिबद्ध है और संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *