टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा, कोटा रेलवे स्टेशन से दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध..

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा, कोटा रेलवे स्टेशन से दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध..

मुंबई से फरार होकर ट्रेन बदलते रहे आरोपी, सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग; महज 15 मिनट में पुलिस छावनी बना कोटा स्टेशन

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

कोटा, 19अक्टूबर 2026

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद कोटा पुलिस ने महज 15 मिनट में रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस ने तीनों को बापर्दा रखा है। पूछताछ में आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुवका (18) और बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन (22) के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी नाबालिग है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को वारदात के लिए मोटी रकम देने का लालच दिया गया था। रेहान को अनिल पंडित ने वारदात के बाद विदेश में नौकरी दिलवाने और वहीं बसाने का आश्वासन दिया था। हालांकि, आरोपियों के पास से फिलहाल कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।

वारदात के बाद बाइक से भागे, फिर बदली ट्रेन

कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि आरोपियों ने वारदात से पहले बाइक खरीदी थी। मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। वे एसवी रोड से विले पार्ले होते हुए अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन में सवार हो गए।

पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने दो स्टेशन बाद गुजरात के सूरत में ट्रेन बदल दी। वहां से जयपुर-पुणे एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर आगे रवाना हो गए। मुंबई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। फुटेज से उनके अंधेरी स्टेशन पहुंचने, सूरत में ट्रेन बदलने और जयपुर-पुणे एक्सप्रेस में सवार होने की जानकारी मिली।

मुंबई पुलिस के इनपुट पर कोटा में तत्काल घेराबंदी

मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के ट्रेन से कोटा की ओर आने की सूचना कोटा सिटी एसपी को दी। सूचना मिलते ही एसपी ने रेलवे कॉलोनी और भीमगंज मंडी थाना पुलिस, जिला विशेष टीम, साइबर टीम, आरपीएफ और एजीटीएफ को तत्काल रेलवे स्टेशन पहुंचने के निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बिना देरी किए स्टेशन पर मोर्चा संभाल लिया। महज 15 मिनट में कोटा रेलवे स्टेशन पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस को जयपुर-पुणे एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12939 के पहुंचने का इंतजार था।

जनरल कोच में सोते मिले तीनों संदिग्ध

ट्रेन के कोटा पहुंचते ही सादा वर्दी में पुलिसकर्मी जनरल कोच में सवार हो गए। ट्रेन के गेटों और रेलवे स्टेशन के निकास द्वारों पर भी पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया, ताकि संदिग्ध भागने न पाएं।

इसी दौरान ट्रेन के आगे की ओर लगे जनरल कोच की ऊपरी सीट पर सो रहे तीनों संदिग्धों को पुलिस ने डिटेन कर लिया। पुलिसकर्मी तीनों को मुंह ढककर स्टेशन से बाहर लाए। तकनीकी आधार पर उनकी पहचान की पुष्टि करने के बाद उन्हें जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय ले जाया गया। स्टेशन पर अचानक भारी पुलिस बल देखकर यात्री भी हैरान रह गए।

मुंबई में रैपिडो बाइक चलाता है ऋतिक

पुलिस के मुताबिक, बिहार के बेगूसराय जिले के पिपराई निवासी ऋतिक मुंबई में रैपिडो बाइक चलाता है। वह अंधेरी वेस्ट में उर्दू स्कूल के पास रह रहा था। वहीं, रेहान और नाबालिग मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस अब वारदात में उनकी भूमिका और कथित साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पौने दो घंटे में कोटा पहुंची मुंबई पुलिस

कोटा पुलिस की ओर से आरोपियों को डिटेन किए जाने के महज पौने दो घंटे बाद मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुंच गई। इसके बाद आरोपियों को मुंबई पुलिस के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस कार्रवाई में कोटा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और मुंबई पुलिस के सीसीटीवी आधारित इनपुट की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *