अजमेर महिला जेल से दो बंदियों को निजी आवास ले जाने वाली निलंबित जेलर कोटा से गिरफ्तार…

अजमेर महिला जेल से दो बंदियों को निजी आवास ले जाने वाली निलंबित जेलर कोटा से गिरफ्तार…

सिविल लाइंस थाना पुलिस की कार्रवाई, पद के दुरुपयोग का आरोप; साइबर तकनीकी मदद से कोटा के फ्लैट से दबोचा

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

अजमेर, 7 अक्टूबर 2026

अजमेर के महिला बंदी सुधार गृह से दो महिला बंदियों को नियम विरुद्ध तरीके से बाहर निकालकर निजी आवास पर ले जाने के गंभीर मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार चल रही तत्कालीन जेलर (कारापाल) दिव्या चौधरी को कोटा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जेलर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सहयोगियों के साथ मिलकर जेल में तैनात सुरक्षाकर्मियों को कथित रूप से डराया-धमकाया और दो महिला बंदियों को जेल से बाहर निकाला था।

अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि मामले में पुलिस अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तत्कालीन प्रभारी जेलर दिव्या चौधरी द्वारा पद के दुरुपयोग की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना 12 जुलाई 2026 की है।

सुरक्षाकर्मियों के विरोध के बावजूद बंदियों को निकाला

पुलिस जांच के अनुसार, तत्कालीन प्रभारी जेलर दिव्या चौधरी, निवासी भीलवाड़ा, ने अपनी सहयोगी महिला प्रहरी सोनिया चौधरी के साथ मिलकर कथित तौर पर साजिश रची। दोनों ने महिला बंदी सुधार गृह के मुख्य द्वार पर तैनात जेल कर्मियों के विरोध के बावजूद उन्हें डराया-धमकाया और दो महिला बंदियों को जेल से बाहर निकाल लिया।

पुलिस के अनुसार, इनमें किरण उर्फ सेठा, जो आजीवन कारावास की सजा काट रही है, तथा विचाराधीन बंदी सना शामिल थीं। आरोप है कि जेलर दोनों बंदियों को अपने निजी स्वार्थ एवं हित के लिए एआरजी सिटी स्थित निजी आवास पर ले गई थी।

मामला दर्ज होने के बाद से फरार थी आरोपी

घटना के संबंध में 5 अगस्त 2026 को अजमेर केंद्रीय कारागृह के प्रहरी महिपाल मांगलोदा की रिपोर्ट पर सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी दिव्या चौधरी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने मुख्यालय को बिना सूचना दिए फरार हो गई थी।

पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और संबंधित रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी आधार पर मंगलवार 6 अक्टूबर को अजमेर पुलिस की विशेष टीम ने कोटा स्थित एक आवासीय फ्लैट में दबिश देकर 37 वर्षीय दिव्या चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

गंभीर प्रकृति के इस प्रकरण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ एवं वृत्त अधिकारी शिवम जोशी के निर्देशन में तथा सिविल लाइंस थानाधिकारी शंभू सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।

टीम में सहायक उप निरीक्षक मोईनुद्दीन, साइबर सेल के एएसआई आशीष, हेड कांस्टेबल परिना बानो, कांस्टेबल ऋष्वेंद्र सिंह (विशेष योगदान) और साइबर सेल के कांस्टेबल अभय सिंह शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जेलर से मामले में शामिल अन्य संभावित सहयोगियों तथा दोनों बंदियों को जेल से बाहर ले जाने के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में अनुसंधान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *