जिले की जनता का होगा फायदा:
RSRTC का बड़ा फैसला! भीलवाड़ा के यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा, बढ़ेगी बसों की संख्या
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा,17 फरबरी 2026,
राजस्थान के भीलवाड़ा रोडवेज बस स्टैंड को जल्द ही 12 नई बसों की सौगात मिलने जा रही है. इस फैसले से स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा. नई बसों के जुड़ने से प्रमुख रूटों पर बढ़ती भीड़ कम होगी और समयबद्ध सेवाएं बेहतर होंगी. (RSRTC) द्वारा उठाए गए इस कदम से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को विशेष लाभ मिलेगा. परिवहन व्यवस्था मजबूत होने से आसपास के क्षेत्रों से कनेक्टिविटी भी सुधरेगी.
भीलवाड़ा: शहरों को गांव से जोड़ने के लिए रोडवेज बस हर ग्रामीण और आम व्यक्ति के साथ मध्यम वर्ग के लिए सबसे सस्ता और आसान आवागमन का संसाधन माना जाता है. वहीं अगर भीलवाड़ा की बात की जाए तो भीलवाड़ा में लंबे समय से यांत्रिक भर को देखते हुए अतिरिक्त बसों की लंबे समय से आवश्यकता थी लेकिन अब यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर आई है. यात्रियों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने बड़ा कदम उठाया है. निगम अब अपने बेड़े को मजबूत करने जा रहा है. इसके तहत पूरे राज्य में 445 नई बसें अनुबंध पर शामिल की जाएंगी.
राहत की बात यह है कि इनमें से 12 नई बसें भीलवाड़ा रोडवेज डिपो को मिलेंगी. टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही बसों की आपूर्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. इससे शहर और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा.
बस स्टैंड पर भीड़-भाड़ कम होगी
भीलवाड़ा के यात्रियों को इस योजना से कई तरह के लाभ मिलेंगे. लंबे रूटों पर सफर करने वालों को ज्यादा बसें मिलेंगी, जिससे इंतजार कम होगा. शहर से जयपुर, कोटा, उदयपुर और अन्य प्रमुख शहरों की यात्रा आसान होगी. जिन रूटों पर बसें कम चल रही थीं या बंद पड़ी थीं, वहां भी दोबारा सेवाएं शुरू होने की संभावना है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी और रोजाना आवागमन सुगम बनेगा. नई बसों के आने से समयबद्ध संचालन पर भी जोर दिया जाएगा. अभी कई बार बसों की कमी के कारण देरी हो जाती है, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है. अतिरिक्त बसें मिलने से शेड्यूल बेहतर तरीके से लागू हो सकेगा. त्योहारों और सीजन के समय बढ़ने वाली भीड़ को संभालना भी आसान होगा. इससे बस स्टैंड पर भीड़भाड़ कम होगी और सफर अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित बनेगा.

