डेज़्जलिंग किड्ज स्कूल का छठवां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न
बच्चे अच्छे नागरिक बनकर देश निर्माण में योगदान दें – कालीचरण सराफ
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
जयपुर 31 जनवरी 2026,
डेज़्जलिंग किड्ज स्कूल, प्रतापनगर सांगानेर द्वारा आयोजित छठवां वार्षिकोत्सव समारोह जानकी देवी ऑडिटोरियम, मालवीय नगर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता मालवीय नगर विधायक माननीय कालीचरण सराफ ने की। कार्यक्रम में बगरू विधायक डॉ. कैलाश वर्मा विशिष्ट अतिथि तथा श्री सुशील माथुर, उपशासन सचिव (ऊर्जा मंत्री कार्यालय) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा गणेश वंदना से हुई। इसके पश्चात बच्चों ने भारतीय विविधता में एकता का अद्भुत परिचय देते हुए पंजाबी, हरियाणवी, कश्मीरी, देशभक्ति एवं राजस्थानी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। साथ ही सनातन संस्कृति पर आधारित शिव तांडव, नवदुर्गा, झांसी की रानी एवं नारी सशक्तिकरण विषयक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नाट्य मंचन के माध्यम से समाज में व्याप्त बुराइयों—जैसे मोबाइल की लत, फास्ट फूड से होने वाले दुष्प्रभाव, भ्रष्टाचार तथा घटते सामाजिक व मानवीय मूल्यों—पर सशक्त संदेश दिया, जिससे अभिभावक भी जागरूक हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कालीचरण सराफ ने बच्चों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की संकल्पना से परिचित कराते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के अच्छे नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं विधायक डॉ. कैलाश वर्मा ने स्वच्छ भारत मिशन एवं आत्मनिर्भर भारत के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को अच्छी शिक्षा के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का संकल्प दिलाया।
विद्यालय की निदेशक श्रीमती श्वेता गुप्ता ने नए शैक्षणिक सत्र में लागू किए जा रहे नवाचारों—जैसे इंग्लिश स्पीकिंग लैब, पावर मैथ्स एवं रीजनिंग—की जानकारी देते हुए अभिभावकों को विश्वास दिलाया कि विद्यालय बच्चों को भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार कर रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित श्री प्रिय रंजन (आईएएस) ने विद्यालय प्रबंधन, निदेशक श्वेता गुप्ता एवं समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि 3–4 वर्ष के बच्चों को मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति के लिए तैयार करना सराहनीय कार्य है। उन्होंने शिक्षिकाओं को मां का दूसरा रूप बताया।
कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त श्री विनोद कुमार शर्मा, अंशुमान शास्त्री, प्रकाश शर्मा, नागेश गुप्ता, दिनेश गुप्ता, भारत गुप्ता, राजीव उपाध्याय, मुकेश शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, बृजमोहन बंसल, सुरेंद्र, सोनू, प्रशांत, चंद्रशेखर शर्मा, संतोष शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
