स्वाधीनता दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां समयबद्ध रूप से करे पूर्ण — जिला कलेक्टर
समारोह स्थल पर साफ-सफाई, साज-सज्जा, लाइटिंग एवं परेड सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिये निर्देश
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 11 अगस्त 2026
आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
जिला कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान का पर्व है। समारोह को गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को समय की विशेष पाबंदी रखने तथा निर्धारित समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समीक्षा
बैठक में जिला कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में आयोजित होने वाली परेड एवं परेड रिहर्सल की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परेड में शामिल होने वाले पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड सहित विभिन्न दलों की रिहर्सल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करवाई जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं।
उन्होंने समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं भारतीय संस्कृति की भावना को प्रदर्शित करने वाली हों। कार्यक्रम की प्रस्तुति, मंच व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियां पूर्व में ही पूरी कर ली जाएं।
शहर एवं समारोह स्थल की साफ-सफाई पर विशेष जोर
जिला कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों से शहर में साफ-सफाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए शहर एवं प्रमुख मार्गों के साथ-साथ समारोह स्थल की विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समारोह स्थल पर साज-सज्जा, आकर्षक लाइटिंग, रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पूर्व संध्या कार्यक्रम को बेहतर बनाने के निर्देश
जिला कलेक्टर ने 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूर्व संध्या का कार्यक्रम भी गरिमापूर्ण एवं बेहतर हो। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित अन्य निर्धारित गतिविधियों की व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समारोह स्थल पर बैठक व्यवस्था, मंच व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा एवं प्राथमिक उपचार, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग तथा यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें तथा अंतिम समय में किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की पूर्व में ही जांच कर ली जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर श्रीमती प्रतिभा देवटिया, एडिशनल एसपी श्री राजेश आर्य, नगर विकास न्यास के ओएसडी श्री पुनीत गेलरा, नगर निगम आयुक्त श्री हेमाराम चौधरी सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी गण मौजूद रहे।

