उदयपुर में ACB का बड़ा ट्रैप: 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मामले में कथित दलाल गिरफ्तार, SOG के एडिशनल एसपी डिटेन..
गौरव रक्षक /राजेंद्र शर्मा
उदयपुर,26सितंबर2026
राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने उदयपुर में 2 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत के मामले में बड़ा ट्रैप ऑपरेशन किया है। एसीबी ने एसओजी के एडिशनल एसपी मुकेश कुमार सोनी के कथित दलाल सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला को परिवादी की फैक्ट्री से रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद एसीबी ने एडिशनल एसपी मुकेश कुमार सोनी को उनके बालोतरा स्थित आवास से डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है।
इन अधिकारियों के सुपरविजन में की गई कार्यवाही
DG गोविंद गुप्ता
ADG स्मिता श्रीवास्तव
DIG डॉ.रामेश्वर सिंह
ASP गोपाल स्वरूप मेवाड़ा
ACB सीआई डॉ.सोनू शेखावत
फैक्ट्री से रिश्वत लेते पकड़ा गया कथित दलाल
एसीबी के अनुसार ट्रैप के दौरान सज्जन सिंह जैन परिवादी से रिश्वत की राशि लेने पहुंचा था। कार्रवाई में कुल 2 करोड़ रुपये बरामद किए गए, जिनमें 4 लाख रुपये असली करेंसी और 1 करोड़ 96 लाख रुपये डमी नोट शामिल थे। एसीबी की टीम ने पूरी कार्रवाई पूर्व नियोजित रणनीति के तहत अंजाम दी।
272 भूखंड प्रकरण से जुड़ा मामला
प्रारंभिक जांच के अनुसार यह मामला उदयपुर नगर निगम के 272 भूखंड प्रकरण (प्रकरण संख्या 97/2022) से जुड़ा है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इस मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपियों को राहत दिलाने, अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने और गिरफ्तारी के दौरान जब्त किए गए दस्तावेज वापस करने के बदले 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह रकम एसओजी के एडिशनल एसपी मुकेश कुमार सोनी के लिए उनके कथित दलाल सज्जन सिंह जैन के माध्यम से मांगी जा रही थी।
एडिशनल एसपी मुकेश कुमार सोनी डिटेन
ट्रैप कार्रवाई के तुरंत बाद एसीबी की टीम बालोतरा पहुंची और एसओजी के एडिशनल एसपी मुकेश कुमार सोनी को उनके निवास से डिटेन कर लिया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले में उनकी भूमिका की जांच जारी है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत जांच जारी
एसीबी ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसी रिश्वत मांगने, साजिश और अन्य संबंधित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। एसीबी का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

