बारडोली में 1500 कॉलेज छात्रों ने लिया सड़क हादसों रहित भारत का संकल्प, सेवा संकल्प अभियान के तहत सड़क सुरक्षा अग्रदूत प्रशिक्षण एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित..

बारडोली में 1500 कॉलेज छात्रों ने लिया सड़क हादसों रहित भारत का संकल्प, सेवा संकल्प अभियान के तहत सड़क सुरक्षा अग्रदूत प्रशिक्षण एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित..

गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा

बारडोली, सूरत ,  28 सितम्बर 2026

बारडोली। सेवा संकल्प अभियान ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत गुजरात रोड सेफ्टी अथॉरिटी एवं मोटर वाहन विभाग गुजरात की प्रेरणा से आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड, राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी, एकता ग्रुप एवं स्टीलबर्ड के संयुक्त तत्वावधान में सांकरी स्थित स्वामीनारायण मंदिर सभागार में आवास यूथ सड़क सुरक्षा शिक्षा एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 1500 कॉलेज विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा अग्रदूत प्रशिक्षण प्रदान कर सड़क हादसों को रोकने तथा सुरक्षित सड़क संस्कृति विकसित करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में बारडोली विधायक ईश्वर भाई परमार, मांडवी विधायक कुंवरजी हलपति, जिला पंचायत अध्यक्ष समीर भाई, गुजरात रोड सेफ्टी अथॉरिटी के आयुक्त सतीश पटेल, बारडोली तालुका पंचायत अध्यक्ष मयूर भाई, सूरत ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश गधिया, भामाशाह महेन्द्र भाई पटेल, अतिरिक्त जिला कलक्टर हिरेन चौहान, आरटीओ सूरत एच.एम. पटेल, आरटीओ बारडोली सी.डी. पटेल, उप जिला कलक्टर रोशनी पटेल, उप पुलिस अधीक्षक आई.जे. पटेल, राजस्थान के उप परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) डॉ. वीरेंद्र सिंह राठौड़, आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के रीजनल ट्रेनिंग मैनेजर सबरजीत यादव एवं स्टेट हेड इजवेन्द्र सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

1500 युवाओं ने लिया सुरक्षित भारत का संकल्प

प्रशिक्षण के बाद 1500 कॉलेज विद्यार्थियों ने देश में स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित सड़क संस्कृति विकसित करने तथा वर्ष 2047 तक सड़क हादसों रहित राष्ट्र के निर्माण का संकल्प लिया। शपथ आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के रीजनल ट्रेनिंग मैनेजर सबरजीत यादव ने दिलाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विशेष संदेशों से युक्त स्टीलबर्ड निर्मित 1500 हेलमेट नि:शुल्क वितरित किए गए। इनमें 500 हेलमेट आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के सीएसआर के माध्यम से तथा 1000 हेलमेट भामाशाह महेन्द्र भाई पटेल के सहयोग से उपलब्ध कराए गए।

‘सुरक्षित भारत’ के लिए मिलकर करना होगा प्रयास : सतीश पटेल

गुजरात रोड सेफ्टी अथॉरिटी के आयुक्त सतीश पटेल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का बढ़ता आंकड़ा बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण संभव नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सड़क सुरक्षा अग्रदूत बनकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने सभी से ‘सुरक्षित सड़कें-सुरक्षित भारत’ की दिशा में एकजुट होकर कार्य करने और सड़क हादसों रहित राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सड़क नियमों की जानकारी को लेकर डॉ. राठौड़ ने किया जागरूक

राजस्थान के उप परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) एवं राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा पुरस्कार से सम्मानित डॉ. वीरेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रशिक्षण से पूर्व विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा से जुड़े 10 प्रश्न पूछे। उनके अनुसार प्रारंभिक स्तर पर 10 प्रतिशत से भी कम प्रश्नों के सही उत्तर मिल सके। उन्होंने सड़क उपयोगकर्ताओं में सड़क नियमों एवं विनियमों की जानकारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

डॉ. राठौड़ ने सड़क सुरक्षा चक्र, सड़क सुरक्षा पॉकेट बुक एवं ‘ड्राइविंग चालीसा’ के माध्यम से घर से निकलने से लेकर सुरक्षित घर पहुंचने तक अपनाए जाने वाले नियमों को उदाहरणों के साथ समझाया। उन्होंने राष्ट्रीय गति सीमा, लेन ड्राइविंग, हेलमेट, सुरक्षित ड्राइविंग तथा दुर्घटना के बाद घायलों की सहायता के महत्व पर भी जानकारी दी।

उन्होंने राहवीर योजना के बारे में जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने के लिए लोगों से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क का उपयोग करते समय प्रत्येक व्यक्ति को नियमों को पूरी तरह समझना चाहिए, ताकि स्वयं की गलती से भी दुर्घटना न हो और किसी अन्य सड़क उपयोगकर्ता की जान भी खतरे में न पड़े।

‘युवा सुरक्षित तो देश सुरक्षित’ : राजेश गधिया

सूरत ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक राजेश गधिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा स्वयं और परिवार दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने दुर्घटनाओं में युवाओं की बड़ी संख्या में होने वाली मौतों को चिंताजनक बताते हुए विद्यार्थियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने बताया कि सूरत ग्रामीण क्षेत्र की आबादी 47 लाख से अधिक है और क्षेत्र में होने वाली दुर्घटनाओं में शाम 6 से 9 बजे के बीच का समय विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘युवा जागृत-देश जागृत’ और ‘युवा सुरक्षित-देश सुरक्षित’ के संदेश को व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।

सड़क सुरक्षा नियमों को आदत बनाना जरूरी : ईश्वर भाई परमार

बारडोली विधायक ईश्वर भाई परमार ने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन प्रत्येक व्यक्ति को अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों को अपनी आदत बनाना होगा। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के प्रयासों की सराहना करते हुए आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड एवं भामाशाह महेन्द्र भाई पटेल के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मांडवी विधायक कुंवरजी हलपति ने कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी सजगता कई लोगों की जान बचा सकती है। उन्होंने युवाओं से आदर्श ड्राइविंग और सड़क के सही उपयोग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

छह वर्षों से सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय है आवास

आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के स्टेट हेड इजवेन्द्र सिंह ने हेलमेट के महत्व और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी के साथ मिलकर पिछले छह वर्षों से सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अब तक करीब 40 हजार सड़क सुरक्षा अग्रदूत तैयार कर विशेष सड़क सुरक्षा संदेशों वाले हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आवास का उद्देश्य केवल लोगों को सस्ती ब्याज दर पर आवास उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि घर में रहने वाले परिवारों की सड़क पर सुरक्षा को भी प्राथमिकता देना है। भारत को दुर्घटना मुक्त बनाने तक इस अभियान को जारी रखने का संकल्प भी उन्होंने व्यक्त किया।

विद्यार्थियों को दी गई पॉकेट बुक और प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र

कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा पॉकेट बुक, ‘ड्राइविंग चालीसा’ एवं प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सभी अतिथियों को आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड की ओर से विश्व के प्रथम वाहन चालक भगवान श्रीकृष्ण के सड़क सुरक्षा संदेश तथा उपनिषदों में वर्णित सड़क सुरक्षा श्लोक से युक्त स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।आरटीओ बारडोली सी.डी. पटेल एवं उनकी टीम ने सभी अतिथियों तथा सड़क सुरक्षा अग्रदूतों का स्वागत किया और आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड, राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी एवं भामाशाह महेन्द्र भाई पटेल सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में गुजरात रोड सेफ्टी अथॉरिटी, सूरत एवं बारडोली आरटीओ के अधिकारी, एकता ग्रुप की टीम, जिला स्तरीय हितधारक विभागों के अधिकारी तथा आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड से तुषार रावल, सुमित अग्रवाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *