500 मेडिकल छात्र एवं नर्सिंगकर्मी बने सड़क सुरक्षा अग्रदूत,
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रशिक्षण के बाद निशुल्क हेलमेट वितरित…
वर्ष 2047 तक सड़क हादसों रहित राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
अहमदाबाद, 25 सितंबर2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान पखवाड़ा’ के अंतर्गत गुजरात रोड सेफ्टी अथॉरिटी एवं मोटर वाहन विभाग गुजरात की प्रेरणा से आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड, राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी एवं स्टीलबर्ड के संयुक्त तत्वावधान में गुजरात मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च सोसायटी (GMERS), मेडिकल कॉलेज एवं सोला सिविल हॉस्पिटल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 500 मेडिकल छात्रों एवं नर्सिंग स्टाफ को सड़क सुरक्षा अग्रदूत प्रशिक्षण दिया गया तथा प्रशिक्षण के बाद सभी को विशेष सड़क सुरक्षा संदेश लिखे निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम साबरमती विधायक हर्षद भाई पटेल के मुख्य आतिथ्य, नारंगपुरा विधायक जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता तथा गुजरात रोड सेफ्टी अथॉरिटी के आयुक्त सतीश पटेल एवं आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के सीएसआर सब हेड अमित व्यास के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुआ।
2047 तक सड़क हादसों रहित राष्ट्र का संकल्प
प्रशिक्षण के उपरांत सभी 500 प्रतिभागियों ने देश में स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित सड़क संस्कृति विकसित करने तथा वर्ष 2047 तक सड़क हादसों रहित राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली। गुजरात रोड सेफ्टी अथॉरिटी के आयुक्त सतीश पटेल ने प्रतिभागियों को शपथ दिलाते हुए ‘सुरक्षित सड़कें-समृद्ध भारत’ के निर्माण का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिथियों ने मेडिकल छात्रों एवं नर्सिंग स्टाफ को स्टीलबर्ड द्वारा निर्मित विशेष हेलमेट वितरित किए, जिन पर सड़क सुरक्षा के संदेश अंकित थे।
युवाओं को सड़क सुरक्षा का संदेश देने की अपील
मुख्य अतिथि साबरमती विधायक हर्षद भाई पटेल ने आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड, राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी की अध्यक्ष ऋतु चौहान एवं उनकी टीम तथा परियोजना सह-समन्वयक पी.सी. जैन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत की दिशा में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए गए हैं। इसी भावना के साथ अब ‘सुरक्षित भारत’ के लिए भी सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सड़क सुरक्षा अग्रदूत बनकर समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।

युवाओं की सड़क हादसों में मौत चिंताजनक
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नारंगपुरा विधायक जितेन्द्र कुमार ने सड़क सुरक्षा अभियान एवं प्रशिक्षण मॉड्यूल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति और परिवार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में युवाओं की बड़ी संख्या में होने वाली मौतों को गंभीर विषय बताते हुए सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने प्रतिभागियों से ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ और ‘सर सलामत तो सब सलामत’ जैसे नारों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सड़क नियमों की जानकारी को लेकर चिंता
प्रमुख प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा पुरस्कार से सम्मानित तथा सड़क सुरक्षा विषय में गोल्ड मेडलिस्ट उप परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा), राजस्थान डॉ. वीरेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रशिक्षण से पूर्व प्रतिभागियों की सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी परखने के लिए 10 प्रश्नों की प्रश्नोत्तरी कराई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों एवं प्रावधानों की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की चुनौती बनी हुई है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान ‘सड़क सुरक्षा चक्र’ एवं सड़क सुरक्षा पॉकेट बुक के माध्यम से घर से निकलने से लेकर सुरक्षित घर पहुंचने तक अपनाए जाने वाले आवश्यक नियमों को रोचक उदाहरणों के साथ समझाया। डॉ. राठौड़ ने घायलों की मदद करने के लिए लोगों को आगे आने की अपील करते हुए ‘राहवीर योजना’ के तहत मिलने वाले नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि भारत भगवान कृष्ण यानी द्वारकाधीश की धरती है और प्राचीन काल में रथ संचालन से संबंधित नियमों एवं आचार-संहिता की परंपरा रही है। ऐसे देश में सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन का रूप देकर वर्ष 2047 तक सड़क हादसों रहित राष्ट्र के निर्माण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने प्रतिभागियों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रावधानों तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए रिफ्रेशर ट्रेनिंग एवं सामुदायिक सेवा जैसे प्रावधानों की जानकारी भी दी।
‘युवा जागृत-देश जागृत’ के नारों से गूंजा सभागार
कार्यक्रम के दौरान ‘युवा जागृत-देश जागृत’ तथा ‘युवा सुरक्षित-देश सुरक्षित’ जैसे नारों से सभागार गूंज उठा। गुजरात रोड सेफ्टी अथॉरिटी के संयुक्त आयुक्त प्रशांत मांगुड़ा ने अतिथियों एवं सड़क सुरक्षा अग्रदूतों का स्वागत करते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। आरटीओ अहमदाबाद बाल मुकुंद ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहनों से कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की।
अब तक 40 हजार से अधिक हेलमेट वितरित
आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के सीएसआर सब हेड अमित व्यास ने हेलमेट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कंपनी सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी के माध्यम से अब तक 40 हजार से अधिक सड़क सुरक्षा अग्रदूत तैयार कर विशेष सड़क सुरक्षा संदेश वाले हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं। आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के गुजरात स्टेट हेड चिराग ठक्कर ने कंपनी की सीएसआर गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि आवास फाइनेंसियर्स पिछले छह वर्षों से राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
1.20 लाख से अधिक लोगों को बनाया सड़क सुरक्षा अग्रदूत
राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी के परियोजना सह-समन्वयक पी.सी. जैन ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि सोसायटी अब तक लगभग 1.20 लाख से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण एवं हेलमेट प्रदान कर सड़क सुरक्षा अग्रदूत बना चुकी है। इसके साथ ही लगभग 10 लाख लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा चुका है।उन्होंने कहा कि व्यापक जनजागरूकता और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। कार्यक्रम में डॉ. हितेश बह्रमभट्ट, एडीशनल डायरेक्टर मेडिकल सर्विसेज, डॉ. पार्थ ज्याणी, स्टेट मेडिकल रिम्बर्समेंट सेल अधिकारी, विवेक टांक, एडमिन जीएमईआरएस, मोटर वाहन निरीक्षक यू.के. पटेल, सलमान, सेवानिवृत्त एआरटीओ जे.एन. बारेवारिया, अमित जोशी सहित मेडिकल कॉलेज के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंगकर्मी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा पॉकेट बुक एवं प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं सभी अतिथियों को आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड की ओर से उपनिषद में वर्णित सड़क सुरक्षा श्लोक अंकित स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

