‘अब सड़कों पर नहीं बिखरने देंगे लाल खून’ के नारों से गूंजा सभागार: डॉ. वीरेंद्र सिंह राठौड़
1200 मेडिकल छात्रों ने लिया सड़क सुरक्षा अग्रदूत बनने का संकल्प
वर्ष 2047 तक सड़क हादसों से मुक्त राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प, 500 हेलमेट वितरित
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
बड़ौदा, 26 सितंबर2026
सेवा संकल्प अभियान ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत गुजरात रोड सेफ्टी अथॉरिटी एवं मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट गुजरात की प्रेरणा से आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड, राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी, स्टीलबर्ड एवं सुमनदीप विद्यापीठ यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1200 मेडिकल एवं आयुर्वेद कॉलेज के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा अग्रदूत प्रशिक्षण प्राप्त कर वर्ष 2047 तक सड़क हादसों से मुक्त राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ स्टीलबर्ड द्वारा निर्मित 500 हेलमेट वितरित किए गए। इन हेलमेट पर सुरक्षित सड़कें और समृद्ध भारत का संदेश अंकित था। कार्यक्रम के दौरान ‘अब सड़कों पर नहीं बिखरने देंगे लाल खून’ जैसे नारों से सभागार गूंज उठा।
आरटीओ केतन एम. खापेड ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति और परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क दुर्घटनाओं में युवाओं की बड़ी संख्या में होने वाली मौतें चिंता का विषय हैं। उन्होंने ‘युवा जागृत-देश जागृत, युवा सुरक्षित-देश सुरक्षित’ का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से स्वयं सुरक्षित वाहन चलाने और दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में आने वाले विद्यार्थियों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने का सुझाव दिया, जिसे विश्वविद्यालय प्रबंधन ने स्वीकार करते हुए शीघ्र लागू करने की बात कही।
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतें चिंताजनक : मनसुख शाह
सुमनदीप विद्यापीठ के फाउंडर चेयरमैन मनसुख भाई शाह ने कहा कि भारत में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या बेहद चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि हाल ही में विश्वविद्यालय के तृतीय वर्ष के एक मेडिकल छात्र की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई। यदि उसने हेलमेट पहना होता तो संभव है कि उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा को व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानते हुए सुरक्षित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
उन्होंने आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड, राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी और अन्य सहयोगी संस्थाओं द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की सराहना की।
सड़क सुरक्षा का ज्ञान जीवन बचा सकता है : डॉ. वीरेंद्र सिंह राठौड़
कार्यक्रम के प्रमुख प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा पुरस्कार से सम्मानित डॉ. वीरेंद्र सिंह राठौड़, उप परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा), राजस्थान ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि सड़क नियमों और विनियमों की जानकारी तथा उनका पालन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

डॉ. राठौड़ ने अपने द्वारा तैयार ‘सड़क सुरक्षा चक्र’ एवं ‘ड्राइविंग चालीसा’ पॉकेट बुक के माध्यम से घर से निकलने से लेकर सुरक्षित घर पहुंचने तक अपनाई जाने वाली सावधानियों को उदाहरणों के साथ समझाया। उन्होंने राष्ट्रीय गतिसीमा, लेन ड्राइविंग, हेलमेट, यातायात नियमों तथा दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने वालों को मिलने वाले प्रोत्साहन एवं प्रशस्ति-पत्र की जानकारी देते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद घायलों की मदद के लिए लोगों को आगे आना चाहिए। डॉ. राठौड़ ने भारतीय परंपरा में वाहन संचालन और रथ विधि का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के ऐतिहासिक एवं सामाजिक पक्ष से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का सम्मान करना प्रत्येक सड़क उपयोगकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित विभिन्न प्रावधानों, रिफ्रेशर ट्रेनिंग और सामुदायिक सेवा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी तथा आदर्श वाहन चालक बनने का आह्वान किया।
छह वर्षों से चल रहा सड़क सुरक्षा अभियान
आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के सीएसआर अधिकारी अमित व्यास ने हेलमेट की उपयोगिता और कंपनी द्वारा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी के माध्यम से अब तक लगभग 40 हजार सड़क सुरक्षा अग्रदूत तैयार कर विशेष सड़क सुरक्षा संदेशों वाले हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं। आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के गुजरात स्टेट ट्रेनिंग मैनेजर सबजीत ने बताया कि संस्था पिछले छह वर्षों से राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि भारत को दुर्घटना मुक्त बनाने तक इस अभियान को निरंतर जारी रखने का प्रयास रहेगा। राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी के परियोजना सह-समन्वयक पी.सी. जैन ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सोसायटी अब तक करीब 1.25 लाख से अधिक लोगों को प्रशिक्षण एवं हेलमेट प्रदान कर सड़क सुरक्षा अग्रदूत बना चुकी है तथा करीब 10 लाख लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा चुका है।
कार्यक्रम में गुजरात रोड सेफ्टी अथॉरिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जे.सी. झाला, सुमनदीप विद्यापीठ के चांसलर वी. शाह, आरटीओ केतन खापेड, डॉ. वीरेंद्र सिंह राठौड़, अमित व्यास सहित आरटीओ स्टाफ, विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षित विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा पॉकेट बुक ‘ड्राइविंग चालीसा’ एवं प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अतिथियों को आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड की ओर से भगवान श्रीकृष्ण के वाहन चालक स्वरूप एवं सड़क सुरक्षा संदेशों से जुड़े स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।

