घर घर दस्तक दे रहे हैं स्वास्थ्य कर्मी, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली गर्भवतियो की विशेष निगरानी..
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
सीकर, 30 जुलाई2026
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत और सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य विभाग गर्भवतियों के सेहत की निगरानी में मुश्तैदी के साथ जुटा हुआ है। प्रत्येक गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य कर्मी घर घर दस्तक दे रहे हैं। गर्भवती महिलाओं की सेहत की जांच का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया ने बताया कि एएनएम, सीएचओ और आशा सहयोगिनियां गांव गांव, ढाणी ढाणी जाकर गर्भवती के घर पर पहुंचकर प्रसवपूर्ण जांच कर रहे हैं। वहीं चयनित हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली गर्भवतियों के परिजनों प्रसव पूर्व जोखिमों की जानकारी देकर सुरक्षित प्रसव का प्रबंध करने में जुटे हुए हैं। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की विशेष निगरानी तथा नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं का समय रहते उपचार किया जा सके।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विशाल सिंह व उनकी टीम चयनित हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं तथा स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर पर जाकर की गई विजिट की मॉनिटरिंग कर रही है। एएनएम, सीएचओ एचआरपी की स्वास्थ्य जांच कर लगातार उसकी सेहत पर नजर रखे हुए हैं। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा गर्भवती की रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, वजन सहित सभी आवश्यक प्रसव पूर्व जांचंे की जा रही हैं। साथ ही प्रत्येक गर्भवती महिला के स्वास्थ्य रिकॉर्ड का सत्यापन कर चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है।
आरसीएचओ डॉ विशाल सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों को प्रत्येक हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली गर्भवती की समय पर पहचान कर विशेष फॉलोअप करने के निर्देश दिए गए। एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कम या अधिक आयु तथा अन्य चिकित्सकीय जटिलताओं से ग्रसित गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर नियमित निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर समय पर गर्भवती को उच्च चिकित्सा संस्थान रैफर करने के निर्देश सभी स्वास्थ्य कर्मियों को दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि चयनित एचआरपी महिला की ब्लॉक व जिला स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही हैं।

