राज्य स्तरीय पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान पुरस्कार से सम्मानित हुईं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चेतना भाटी..
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
हनुमानगढ़/उदयपुर,9 मार्च 2026
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राजस्थान पुलिस की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती चेतना भाटी को महिलाओं और बालिकाओं के उत्थान के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा प्रतिष्ठित “राज्य स्तरीय पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
इस सम्मान के अंतर्गत उन्हें ₹21,000 की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
वर्तमान में श्रीमती चेतना भाटी सीआईडी एसएसबी ज़ोन, उदयपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उल्लेखनीय है कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्राप्त करने वाली वह राजस्थान पुलिस की पहली महिला अधिकारी हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
श्रीमती भाटी का सेवा काल उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्हें इससे पूर्व भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए दो बार डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा योग्यता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया है।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक अभियानों को आगे बढ़ाने के लिए जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अनेक स्लोगन, लेख, भाषण और कविताएँ लिखकर समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य किया है। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को जागरूक करने के लिए भी उन्होंने समय-समय पर प्रभावी लेखन और संवाद के माध्यम से जनजागृति अभियान चलाए हैं।
उनके इन प्रयासों के फलस्वरूप उन्हें विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मिला यह सम्मान न केवल श्रीमती चेतना भाटी के समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रतीक है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही महिलाओं के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।

