“हेलो, मैं जिला कलेक्टर सीकर बोल रहा हूँ…” — कलेक्टर आशीष मोदी ने सीधे फोन कर सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

📞 “हेलो, मैं जिला कलेक्टर सीकर बोल रहा हूँ…” — कलेक्टर आशीष मोदी ने सीधे फोन कर सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सीकर, 22 अप्रैल।

राजेंद्र शर्मा/गौरव रक्षक

जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिला कलेक्टर Ashish Modi ने बुधवार को एक सराहनीय पहल करते हुए कलेक्टर कार्यालय में संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के परिवादियों से सीधे दूरभाष पर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने न केवल शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना, बल्कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर मोदी ने बातचीत के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों को प्राथमिकता से लिया। नीमकाथाना क्षेत्र के फूलचंद द्वारा पेयजल की अनियमित आपूर्ति की शिकायत, अजीतगढ़ के हथोरा निवासी गजेंद्र सिंह द्वारा पिछले 15 दिनों से खराब पड़े सरकारी ट्यूबवेल और पानी लीकेज की समस्या, तथा दांता क्षेत्र के राजेंद्र सिंह द्वारा 7 दिनों से खराब हैंडपंप की शिकायत को गंभीरता से लिया गया। इन सभी मामलों में उन्होंने पीएचईडी विभाग के अधीक्षण अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करें और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

इसी क्रम में श्रीमाधोपुर के थोई निवासी लोकेश सैनी द्वारा बिजली विभाग की ओर से गलत वीसीआर भरने की शिकायत पर भी कलेक्टर ने तत्परता दिखाई। उन्होंने एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता को मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने इस अवसर पर अन्य कई परिवादियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और आमजन को शीघ्र राहत प्रदान करें।

बैठक में प्रशासनिक सुधार विभाग की सहायक निदेशक इंदिरा शर्मा, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता रामकुमार चाहिल, एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता सुभाष देवंदा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

➡️ कलेक्टर की इस पहल से आमजन में भरोसा बढ़ा है और प्रशासन की जवाबदेही भी मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *