पीआरओ हेमन्त छीपा को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने प्रदान की पीएचडी उपाधि..
जनसंपर्क में वेब प्लेटफॉर्म्स की भूमिका पर महत्वपूर्ण शोध
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 7 मई2026
जनसंपर्क एवं डिजिटल संचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शोध कार्य के लिए जनसंपर्क अधिकारी हेमन्त छीपा को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर द्वारा पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है।
उन्होंने पत्रकारिता विभाग, फैकल्टी ऑफ सोशल साइंस के अंतर्गत “जनसंपर्क में उपयोग होने वाले वेब प्लेटफार्मों का मूल्यांकन अध्ययन (विशेष संदर्भ: डीआईपीआर, राजस्थान)” विषय पर शोध कार्य पूर्ण किया। यह शोध कार्य विभागाध्यक्ष एवं शोध निर्देशक डॉ. कुंजन आचार्य के निर्देशन में संपन्न हुआ। हेमन्त छीपा मूलतः भीलवाड़ा जिले के दौलतगढ़, आसींद के निवासी हैं।

अपने शोध में हेमन्त छीपा ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर), राजस्थान द्वारा जनसंपर्क गतिविधियों में उपयोग किए जा रहे विभिन्न वेब प्लेटफार्मों, डिजिटल माध्यमों एवं ऑनलाइन संचार प्रणालियों का गहन अध्ययन किया। शोध के दौरान जनसंपर्क की बदलती प्रवृत्तियों, सूचना प्रसारण की प्रभावशीलता, आमजन तक पहुंच, सोशल मीडिया की भूमिका तथा सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में वेब प्लेटफार्मों की उपयोगिता का विश्लेषण किया गया।

