मुकदमे में आरोपी को गिरफ्तार करने के बदले 10 हजार की रिश्वत, प्रताप नगर थाने का ASI गिरफ्तार..

मुकदमे में आरोपी को गिरफ्तार करने के बदले 10 हजार की रिश्वत, प्रताप नगर थाने का ASI गिरफ्तार..

महिला परिवादी से मुकदमे में मदद, आरोपी की गिरफ्तारी और चालान पेश करने की एवज में मांगी थी रिश्वत; वर्दी की जेब में रखे रुपए

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

जयपुर,6अक्टूबर2026

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को जयपुर में कार्रवाई करते हुए प्रताप नगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) सुखदेव जाट को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ASI ने महिला परिवादी से दर्ज मुकदमे में प्रभावी पैरवी करने, उसकी मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और चालान पेश करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी।

एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी ASI को महिला परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया। रिश्वत की राशि आरोपी ने अपनी पहनी हुई वर्दी की जेब में रख ली थी। टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

शिकायत के सत्यापन में हुई रिश्वत मांगने की पुष्टि

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार, एसीबी चौकी एसयू प्रथम, जयपुर में महिला परिवादी ने लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में बताया गया कि प्रताप नगर थाने में दर्ज एक मुकदमे के अनुसंधान अधिकारी ASI सुखदेव जाट ने मुकदमे में प्रभावी पैरवी करने, परिवादी की मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने तथा चालान पेश करने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।

शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी ASI द्वारा महिला परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया और आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
DSP अर्चना मीणा ने दिया कार्यवाही को अंजाम ।
एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *