दो दिन से लापता दो मासूमों के तालाब में मिले शव, इलाके में पसरा मातम
दिव्यांशु और रजत 4 अक्टूबर को बड़े मंदिर क्षेत्र से हुए थे लापता, पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा/ 06-10-2026
बड़े मंदिर क्षेत्र से 4 अक्टूबर को अचानक लापता हुए दो मासूम बच्चों की तलाश का दुखद अंत हुआ। करीब 10 से 12 वर्ष की उम्र के दिव्यांशु और रजत के शव मंगलवार शाम पालड़ी ग्राम के पास स्थित एक तालाब में मिले। दोनों बच्चों के शव मिलने की सूचना से परिवारों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे 4 अक्टूबर को बड़े मंदिर क्षेत्र से लापता हुए थे। बच्चों के अचानक गायब होने के बाद परिवार और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे। विभिन्न स्तरों पर तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। मंगलवार शाम पालड़ी ग्राम के पास तालाब में दोनों बच्चों के शव मिलने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक सागर राणा भी पालड़ी गांव पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए मामले की गंभीरता से जांच करने और सभी संभावित पहलुओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, वे तालाब तक कैसे पहुंचे और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है, इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है।
दोनों बच्चों के शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
दो दिन से बच्चों की सलामती की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों के सामने जब उनके शव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। मासूम बच्चों की इस दर्दनाक मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

