सीकर पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: MDMA के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 4 किलो अफीम तस्करी में नेपाल भागा 2,000 का इनामी हरिराम 98.40 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार..
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
जयपुर, 01 नवंबर2026
राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीकर जिला पुलिस ने नशा तस्करों के नेटवर्क पर एक और बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जयपुर रेंज महानिरीक्षक पुलिस श्री राहुल प्रकाश के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक सीकर श्री संजीव नैन के निकटतम पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली सीकर और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिले में एमडीएमए की बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस ने अफीम तस्करी के मामले में करीब एक साल से नेपाल में फरारी काट रहे ₹2,000 के इनामी अपराधी हरिराम पुत्र पालचंद जाट (35) निवासी बाठोद सदर फतेहपुर को 98.40 ग्राम अवैध एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है।
सालासर रोड पर ऐसे हत्थे चढ़ा शातिर इनामी तस्कर
कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए एसपी नैन ने बताया कि शनिवार 31 अक्टूबर को डीएसटी टीम के कांस्टेबल विजयपाल भाटी को गोपनीय सूचना मिली थी कि सदर सीकर थाने के पुराने एनडीपीएस प्रकरण (4 किग्रा अफीम तस्करी) में वांछित व इनामी अपराधी हरिराम बाठोद अपनी क्षतिग्रस्त कार को टोचन करवाकर सीकर शहर में ठीक करवाने ला रहा है।
सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी सुनील कुमार और डीएसटी प्रभारी उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम तुरंत सालासर रोड पहुंची। आरोपी हरिराम बीकानेर-जयपुर बाईपास पर अपनी क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे छोड़कर पुलिस से बचने के लिए एक्सीलेंस कॉलेज के पास पैदल ही आ रहा था। पुलिस टीम ने अत्यंत सतर्कता बरतते हुए उसे वहीं घेरकर डिटेन कर लिया।
संदेह के आधार पर जब आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास से 98.40 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद हुआ। इस पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत जब्ती की कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस सनसनीखेज मामले का अग्रिम अनुसंधान थानाधिकारी उद्योग नगर, सीकर द्वारा किया जा रहा है।

