गांवों में चुनावी बिगुल: पंच-सरपंच चुनाव का कार्यक्रम जारी,दो चरणों में होगा मतदान, 25 और 31 अक्टूबर को वोटिंग; मतदान खत्म होते ही होगी मतगणना..

गांवों में चुनावी बिगुल: पंच-सरपंच चुनाव का कार्यक्रम जारी,दो चरणों में होगा मतदान, 25 और 31 अक्टूबर को वोटिंग; मतदान खत्म होते ही होगी मतगणना..

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

भीलवाड़ा, 3 अक्टूबर 2026

जिले की ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में पंच एवं सरपंच के चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने बताया कि नियम 23 सपठित नियम 56 के तहत प्रथम चरण के लिए निर्वाचन की लोकसूचना 8 अक्टूबर 2026, गुरुवार तथा द्वितीय चरण के लिए 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को जारी की जाएगी।

24 और 30 अक्टूबर को नामांकन

प्रथम चरण के लिए पंच एवं सरपंच पद के अभ्यर्थी 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे, जबकि द्वितीय चरण के लिए नामांकन की तिथि 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार निर्धारित की गई है।

नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का समय सुबह 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक रहेगा। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे।

नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही दोपहर 2 बजे के तुरंत बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा तथा चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

25 और 31 अक्टूबर को मतदान

पंच एवं सरपंच पद के लिए प्रथम चरण का मतदान 25 अक्टूबर 2026, रविवार तथा द्वितीय चरण का मतदान 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।

मतदान के तुरंत बाद होगी मतगणना

पंच एवं सरपंच पद के लिए मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद की जाएगी। इससे मतदाताओं और प्रत्याशियों को चुनाव परिणाम के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

अगले दिन होगा उपसरपंच का चुनाव

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में निर्वाचित पंच एवं सरपंचों के बाद 26 अक्टूबर 2026, सोमवार को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। वहीं द्वितीय चरण के लिए 1 नवंबर 2026, रविवार को उपसरपंच का चुनाव होगा।

पंच एवं सरपंच चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले की ग्राम पंचायतों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *