पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव का कार्यक्रम घोषित,
8 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, 23 और 29 अक्टूबर को मतदान; 20 नवंबर को मतगणना..
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 3 अक्टूबर 2026
जिले में पंचायत समिति सदस्यों के आम चुनाव की निर्वाचन प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने बताया कि प्रथम चरण के लिए निर्वाचन की लोकसूचना 8 अक्टूबर 2026, गुरुवार तथा द्वितीय चरण के लिए 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को जारी की जाएगी।
13 और 16 अक्टूबर तक नामांकन
प्रथम चरण के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 तथा द्वितीय चरण के लिए 16 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। दोनों ही तिथियों को नामांकन पत्र अपराह्न 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर नामांकन पत्र प्रस्तुत करने का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा।
14 और 17 अक्टूबर को होगी संवीक्षा
प्रथम चरण के नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 14 अक्टूबर तथा द्वितीय चरण की संवीक्षा 17 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे से की जाएगी। दोनों चरणों में नाम वापसी की अंतिम समय-सीमा उसी दिन अपराह्न 3 बजे तक रहेगी।
नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद प्रथम चरण के लिए 15 अक्टूबर तथा द्वितीय चरण के लिए 19 अक्टूबर 2026 को चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। इसी के साथ चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची भी प्रकाशित की जाएगी।
23 और 29 अक्टूबर को मतदान
पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान दो चरणों में होगा। प्रथम चरण का मतदान 23 अक्टूबर तथा द्वितीय चरण का मतदान 29 अक्टूबर 2026 को कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
20 नवंबर को होगी मतगणना
पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर होगी। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होकर समाप्ति तक जारी रहेगी।
निर्वाचन प्रक्रिया के अगले चरण में पंचायत समितियों के प्रधान का चुनाव 27 नवंबर तथा उप प्रधान का चुनाव 28 नवंबर 2026 को निर्धारित किया गया है।
दो चरणों में होने वाले इस चुनाव कार्यक्रम के साथ जिले में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया तेज हो जाएगी और आगामी दिनों में नामांकन को लेकर राजनीतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

