जिला परिषद सदस्यों के चुनाव का कार्यक्रम घोषित, 8 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू, 23 और 29 अक्टूबर को होगा मतदान; 20 नवंबर को मतगणना..
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 3 अक्टूबर 2026
पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत भीलवाड़ा जिले में जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू द्वारा राजस्थान पंचायतीराज निर्वाचन नियमों के नियम 58 के तहत 8 अक्टूबर 2026, गुरुवार को निर्वाचन की लोकसूचना जारी की जाएगी।
13 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद सदस्य पद के लिए नाम निर्देशन पत्र 8 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर नामांकन पत्र प्रस्तुत करने का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। वहीं अभ्यर्थी 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद 15 अक्टूबर को ही चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा तथा चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
23 और 29 अक्टूबर को मतदान
जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान दो चरणों में कराया जाएगा।
प्रथम चरण में 23 अक्टूबर 2026 तथा द्वितीय चरण में 29 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
20 नवंबर को होगी मतगणना
जिला परिषद सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर होगी। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होकर समाप्ति तक जारी रहेगी।
इसके बाद पंचायतीराज व्यवस्था में जिला स्तर के प्रमुख पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया होगी। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर तथा उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर 2026 को निर्धारित किया गया है।
इस चुनाव कार्यक्रम के साथ ही भीलवाड़ा जिले में जिला परिषद सदस्य पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।

