राजस्थान में निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारी तेज, रिक्त पदों पर अधिकारियों की तैनाती के निर्देश : राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्व मंडल एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के दिए निर्देश…
गौरव रक्षक/राजेन्द्र शर्मा
जयपुर, 20 जुलाई।
राजस्थान में प्रस्तावित नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्य से जुड़े अधिकारियों के रिक्त पदों को तत्काल भरने के निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से सम्पन्न कराने के लिए संबंधित पदों पर शीघ्र पदस्थापन आवश्यक है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पत्र में राजस्व मंडल, अजमेर से अनुरोध किया गया है कि राजस्थान तहसील सेवा के अधिकारियों (तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार) के रिक्त पदों पर जल्द से जल्द पदस्थापन सुनिश्चित किया जाए। इससे चुनाव संबंधी दायित्वों का निर्वहन बिना किसी बाधा के किया जा सकेगा।
आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (जिला कलेक्टरों) को भी निर्देशित किया है कि अपने-अपने जिलों में चुनाव कार्य से संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के रिक्त पदों की जानकारी तत्काल राजस्व मंडल, अजमेर को भेजी जाए, ताकि आवश्यक नियुक्ति प्रक्रिया समय रहते पूरी की जा सके।
राज्य निर्वाचन आयोग ने इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा है कि समय पर अधिकारियों की उपलब्धता से आगामी निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सकेगा।

