गर्भपात की सफाई के नाम पर 3,500 रुपये की रिश्वत लेते महिला रोग विशेषज्ञ ट्रैप, एसीबी ने रंगे हाथों दबोचा..
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
श्रीगंगानगर, 16 जुलाई2026
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए घड़साना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत चिकित्सा अधिकारी एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. महेन्द्र सिंह को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी तीन माह की गर्भवती थी, लेकिन गर्भ में ही भ्रूण की मृत्यु हो गई थी। उपचार के लिए उसे घड़साना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां डॉ. महेन्द्र सिंह ने गर्भ की सफाई (एमटीपी प्रक्रिया) करने के बदले 4,000 रुपये रिश्वत की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि राशि नहीं देने पर उपचार नहीं किया जाएगा।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। बीकानेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के पर्यवेक्षण तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र कुमार एवं टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी चिकित्सक को परिवादी से 3,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करें।

