सीकर को मिला नया प्रशासनिक नेतृत्व: जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने संभाला कार्यभार, खाटूश्यामजी में किए दर्शन..

सीकर को मिला नया प्रशासनिक नेतृत्व: जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने संभाला कार्यभार, खाटूश्यामजी में किए दर्शन..

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

सीकर, 4 अप्रैल2026

जिले में प्रशासनिक नेतृत्व को नई दिशा देते हुए आशीष मोदी ने शनिवार को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, सीकर का पदभार विधिवत ग्रहण किया। उनके पदभार संभालने के साथ ही जिले में प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा और गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

पदभार ग्रहण करने से पूर्व जिला पुलिस की ओर से उन्हें सम्मान स्वरूप गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यह सम्मान न केवल उनके पद की गरिमा को दर्शाता है, बल्कि प्रशासनिक तंत्र में उनके अनुभव और योगदान का भी प्रतीक है। आशीष मोदी इससे पूर्व जयपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में निदेशक पद पर कार्यरत थे और अब स्थानांतरण के बाद सीकर में अपनी नई जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जिला कलेक्टर मोदी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि प्रशासन पर लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके।

उन्होंने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी के अनुरूप जिले के समग्र विकास के लिए कार्य किया जाएगा। बजट घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने, फ्लेगशिप योजनाओं में तेजी लाने और इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पदभार ग्रहण करने के बाद आशीष मोदी ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की वर्तमान स्थिति का विस्तृत फीडबैक लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव, एसीईओ शीशराम यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, एसडीएम निखिल कुमार, रींगस उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इससे पूर्व, अपनी नई जिम्मेदारी संभालने से पहले आशीष मोदी ने खाटूश्यामजी पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में श्रद्धापूर्वक दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने उन्हें श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

जिला कलेक्टर ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

नवनियुक्त कलेक्टर आशीष मोदी के नेतृत्व में सीकर जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में और अधिक पारदर्शिता आने की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *