धौलपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई : पंचायत समिति बसेड़ी का कनिष्ठ सहायक 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार…
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
3जून2026, धौलपुर।
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने धौलपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत समिति बसेड़ी के एक कनिष्ठ सहायक को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत समिति बसेड़ी में कार्यरत कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार ने एक परिवादी से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत मस्टरोल जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। परिवादी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी को दी गई, जिसके बाद ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना तैयार की।
योजना के अनुसार एसीबी की टीम ने परिवादी को आवश्यक निर्देश देकर आरोपी के पास भेजा। जैसे ही आरोपी कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार ने परिवादी से 25 हजार रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त की, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
यह कार्रवाई एसीबी के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में की गई। वहीं उप अधीक्षक पुलिस (डीएसपी) ज्ञानचंद के नेतृत्व में एसीबी टीम ने सफलतापूर्वक ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता एवं अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में धौलपुर की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। साथ ही आरोपी की आय से अधिक संपत्ति और अन्य गतिविधियों की भी जांच की जाएगी।
एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की सख्त नीति का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आमजन से जुड़े कार्यों में रिश्वतखोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

