नामांतरण खोलने की एवज में रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार..
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
राजसमन्द, 26 मई 2026,
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इंटेलीजेंस यूनिट उदयपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजसमन्द जिले के खमनोर तहसील क्षेत्र में कार्यरत पटवारी राहुल कुमार शर्मा को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पटवार हल्का सेमा एवं अतिरिक्त चार्ज बड़ा भाणुजा में कार्यरत था।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि भूमि रजिस्ट्री के बाद नामांतरण खोलने की एवज में आरोपी द्वारा 7 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी ने परिवादी से 1 हजार रुपये पहले ही प्राप्त कर लिए थे, जबकि शेष 4 हजार रुपये लेते समय एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी एसीबी टीम को देखकर रिश्वत
राशि अपने सरकारी आवास के टॉयलेट की डब्ल्यूसी में फेंक दी, जिसे बाद में उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया गया।
यह कार्रवाई डॉ. रामेश्वर सिंह, उप महानिरीक्षक पुलिस, एसीबी के सुपरवीजन में तथा इंटेलीजेंस यूनिट उदयपुर की प्रभारी डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र सिंह एवं टीम द्वारा की गई।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

