अजमेर रेंज पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का भीलवाड़ा में भव्य आगाज, 30 मार्च तक होंगे रोमांचक मुकाबले..

अजमेर रेंज पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का भीलवाड़ा में भव्य आगाज, 30 मार्च तक होंगे रोमांचक मुकाबले..

गौरव रक्षक / राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 28 मार्च 2026

भीलवाड़ा पुलिस लाइन में शनिवार को 27वीं अजमेर रेंज पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रूपेंद्र सिंह ने किया। यह खेलकूद प्रतियोगिता 28 मार्च से 30 मार्च तक आयोजित की जाएगी, जिसमें अजमेर रेंज के विभिन्न जिलों और इकाइयों की टीमें भाग ले रही हैं।

प्रतियोगिता में पीटीएस किशनगढ़, टोंक, डीडवाना-कुचामन, ब्यावर, अजमेर, नागौर और भीलवाड़ा की टीमें शामिल हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन में कबड्डी, फुटबॉल, हॉकी सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें पुलिस जवान अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह के दौरान भीलवाड़ा पुलिस के घुड़साल इंचार्ज देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में घुड़सवारी दल द्वारा शानदार करतब प्रस्तुत किए गए। घोड़ों द्वारा किए गए अनुशासित और आकर्षक प्रदर्शन ने उपस्थित अधिकारियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एडीजी रूपेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद जीवन का अभिन्न हिस्सा है, जो व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस जवानों के लिए खेल विशेष रूप से आवश्यक हैं, क्योंकि इससे उनकी कार्यक्षमता, सहनशक्ति और मानसिक दृढ़ता का विकास होता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पुलिसकर्मी अनिश्चित परिस्थितियों में कार्य करते हैं, ऐसे में उनका शारीरिक रूप से फिट रहना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में रेंज आईजी राजेंद्र सिंह चौधरी भीलवाड़ा के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह,सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है और आगामी दिनों में विभिन्न खेलों के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *