सेवा निवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान की बैठक में समस्याओं पर मंथन, संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
गौरव रक्षक /राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा/13 मार्च 2026,
राजस्थान सेवा निवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान की जिला स्तरीय बैठक रविवार को भीलवाड़ा सर्किट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश वरिष्ठ सचिव इस्माइल कायमखानी का उपस्थित सदस्यों द्वारा माला पहनाकर तथा पारंपरिक मेवाड़ी पगड़ी से सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। स्वागत के पश्चात संगठन की बैठक प्रारंभ हुई, जिसमें सेवा निवृत्त पुलिस अधिकारियों की विभिन्न समस्याओं एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का संचालन संस्थान के महासचिव गोपाल लाल शर्मा ने किया, जबकि अध्यक्षता सेवा निवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौभाग्य सिंह सोलंकी ने की। बैठक जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा के सानिध्य में आयोजित हुई। इस अवसर पर उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह राजावत सहित जिले के लगभग 35 से 40 सेवा निवृत्त पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सेवा निवृत्त पुलिस अधिकारियों की सामूहिक समस्याओं को गंभीरता से उठाया गया। विशेष रूप से उपार्जित अवकाश (Earned Leave) के भुगतान में होने वाली देरी तथा कोर्ट पेशी के लिए जाने वाले सेवा निवृत्त अधिकारियों को यात्रा भत्ता जिला स्तर पर उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्ताव पारित करते हुए इन्हें प्रदेश स्तर के संगठन तक पहुंचाने का निर्णय लिया, ताकि संबंधित विभागों से सकारात्मक पहल कर समाधान सुनिश्चित कराया जा सके।
इस अवसर पर प्रदेश वरिष्ठ सचिव इस्माइल कायमखानी ने संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि सेवा निवृत्त पुलिस अधिकारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन की एकजुटता आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश स्तर पर संचालित विभिन्न गतिविधियों और प्रयासों की जानकारी भी सदस्यों को दी। उनके विचारों का उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
बैठक के अंत में अध्यक्ष सौभाग्य सिंह सोलंकी ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।
साथ ही बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 22 मार्च 2026 को पुलिस लाइन स्थित संतोषी माता मंदिर परिसर में होली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी सेवा निवृत्त पुलिस अधिकारी एवं उनके परिजन भाग लेंगे। इस आयोजन के माध्यम से आपसी भाईचारे, सौहार्द और संगठनात्मक एकता को और मजबूत करने का उद्देश्य रखा गया है।

