टोंक पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 20 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर और 61 सिम इस्तेमाल करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार…
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
जयपुर, 1 नवंबर2026
टोंक पुलिस ने नशे के कारोबार और साइबर ठगी, दोनों के खिलाफ एक साथ शिकंजा कसा है। निवाई सदर क्षेत्र में डीएसटी टीम व पुलिस ने करीब 20 लाख रुपए कीमत की 92.33 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को पकड़ा। वहीं दतवास थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय साइबर ठग को गिरफ्तार किया, जिसने ठगी में 61 सिमों का इस्तेमाल किया।
1. ऑपरेशन संकल्प नशा मुक्त टोंक: 92.33 ग्राम स्मैक बरामद
जिला पुलिस अधीक्षक श्री रोशन मीना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रतनलाल भार्गव और वृत्ताधिकारी वृत्त निवाई श्री रविप्रकाश शर्मा के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी निवाई सदर श्री राजेन्द्र प्रसाद मय टीम और जिला स्पेशल टीम प्रभारी श्री ओमप्रकाश चौधरी मय टीम ने रविवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए निवाई सदर क्षेत्र से दो आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से 92.33 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।

इस मामले में आरोपी जयराज (28) पुत्र रामकिशन बैरवा और विकास (22) पुत्र बनवारी लाल बैरवा निवासी अलीपुरा थाना मेहन्दवास जिला टोंक को गिरफ्तार किया गया है।
2. ऑपरेशन साइबर वॉर: 61 सिमों का इस्तेमाल करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार
साइबर अपराधों, म्यूल अकाउंट धारकों और फर्जी सिम उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ अभियान में दतवास थानाधिकारी सुश्री निरम मय टीम ने बड़े स्तर पर साइबर ठगी करने वाले आरोपी सुनील (18 वर्ष 3 माह) पुत्र सीताराम मीणा निवासी बीड की ढाणी भरथला थाना दतवास को डिटेन किया। साइबर पोर्टल पर जांच करने पर आरोपी के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 2,92,000 रुपए की 7 शिकायतें दर्ज मिलीं।

आरोपी द्वारा साइबर ठगी के लिए कुल 61 विभिन्न फर्जी सिम कार्डों, फर्जी बैंक खातों, म्युल अकाउंट्स और फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल का सुनियोजित तरीके से उपयोग किया जा रहा था। पूछताछ में उसने फ्रॉड करने वाले बैंक खातों के जरिए करीब 20 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन की बात कबूल की है।
आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और 01 एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना दत्तवास में मामला दर्ज किया गया है, जिसका अग्रिम अनुसंधान थानाधिकारी पीपलू द्वारा किया जा रहा है।

