आरपीटीसी किशनगढ़ और पीटीएस सिलोरा में भव्य दीक्षांत परेड: 828 नव-प्रशिक्षित महिला आरक्षी देश सेवा को समर्पित…

*आरपीटीसी किशनगढ़ और पीटीएस सिलोरा में भव्य दीक्षांत परेड: 828 नव-प्रशिक्षित महिला आरक्षी देश सेवा को समर्पित…
​महानिदेशक (यातायात) मालिनी अग्रवाल की मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ दीक्षांत परेड समारोह; स्मार्ट पुलिसिंग के मूल मंत्र के साथ आधुनिक तकनीक और संवेदनशीलता पर जोर

गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा

जयपुर 12 अक्टूबर 2026

राजस्थान पुलिस को 828 नवप्रशिक्षित महिला कांस्टेबल मिली हैं। राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (आरपीटीसी), किशनगढ़ और पुलिस दूरसंचार प्रशिक्षण संस्थान (पीटीएस), सिलोरा में नव नियुक्त महिला कांस्टेबलों के प्रशिक्षण पूर्ण होने पर दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किए गए। दोनों समारोहों में महानिदेशक पुलिस यातायात श्रीमती मालिनी अग्रवाल मुख्य अतिथि रहीं।


आरपीटीसी किशनगढ़ में राजस्थान के 14 जिलों की 533 नव नियुक्त महिला कांस्टेबलों तथा पीटीएस सिलोरा में पुलिस दूरसंचार की 295 महिला कांस्टेबलों ने दीक्षांत परेड में भाग लिया। समारोह में प्रशिक्षुओं ने अनुशासन, एकजुटता और उत्कृष्ट परेड कौशल का प्रदर्शन किया।
अपराधियों के प्रति सख्ती, आमजन के साथ संवेदनशीलता ही स्मार्ट पुलिसिंग
मुख्य अतिथि श्रीमती मालिनी अग्रवाल ने अपने संबोधन में नवप्रशिक्षित महिला कांस्टेबलों से स्मार्ट पुलिसिंग के मूल मंत्र को अपनाते हुए अपराधियों के प्रति सख्ती और आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने का आह्वान किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक एवं नवीनतम विधिक प्रावधानों की जानकारी के साथ जिम्मेदारी और जवाबदेही से कर्तव्यों का निर्वहन करने पर जोर दिया।
राष्ट्रगीत के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ
मुख्य अतिथि श्रीमती मालिनी अग्रवाल के संस्थान पहुंचने पर आरपीटीसी किशनगढ़ के प्राचार्य एवं उप महानिरीक्षक पुलिस श्री राजन दुष्यंत ने उनका स्वागत किया। बैंड प्लाटून ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का वादन किया और परेड ने सलामी देकर मुख्य अतिथि का अभिवादन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। आरपीटीसी किशनगढ़ के कमांडेंट श्री संदीप सिंह ने नव आरक्षियों को सत्यनिष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई।


दीक्षांत परेड में आठ प्लाटूनों ने मंच के सामने से गुजरते हुए शानदार प्रदर्शन किया। परेड का नेतृत्व उदयपुर जिले की प्रमिला धाकड़ ने किया। विभिन्न प्लाटूनों का नेतृत्व सुनीता देवी, पायल सिसोदिया, अंकिता, प्रियंका कंवर, कल्पना कुमारी कटारा, रानू सोनी, सोनू कुमारी और पूजा ने किया।
फायरिंग, ड्रिल और आउटडोर प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन
आरपीटीसी किशनगढ़ के बैच संख्या 75 में फायरिंग व इंडोर में कोमल जांगिड़ और ड्रिल में संजना पंड्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आउटडोर में प्रमिला धाकड़ ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। कोमल जांगिड़, जिला ब्यावर, ऑलराउंडर प्रथम रहीं।
इसी प्रकार पीटीएस सिलोरा में पुलिस दूरसंचार की महिला कांस्टेबलों के बैच में फायरिंग में निकेश डूडी, इंडोर में प्रियंका, आउटडोर में दिव्या राठौड़ और ड्रिल में सावित्री गुर्जर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निकिता, ऑलराउंडर प्रथम रहीं।
प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए आरपीटीसी किशनगढ़ के श्री संदीप कुमार कांस्टेबल को सर्वश्रेष्ठ इंडोर प्रशिक्षक तथा श्री नंदलाल चौधरी को सर्वश्रेष्ठ आउटडोर प्रशिक्षक के रूप में पुरस्कृत किया गया। पीटीएस सिलोरा में उपनिरीक्षक श्री रामावतार पालीवाल सर्वश्रेष्ठ इंडोर प्रशिक्षक और श्री रघुवीर सिंह सर्वश्रेष्ठ आउटडोर प्रशिक्षक के रूप में सम्मानित हुए।
नौ माह के प्रशिक्षण में आधुनिक पुलिसिंग और नवीन कानूनों पर जोर
आरपीटीसी किशनगढ़ के प्राचार्य श्री राजन दुष्यंत ने प्रशिक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि स्मार्ट पुलिसिंग की अवधारणा के अनुरूप नव आरक्षियों को तकनीक-हितैषी, संवेदनशील और जनमित्र पुलिसकर्मी बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण दिया गया। बीपीआरएंडडी के मार्गदर्शन और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के पैटर्न पर तैयार नवीन पाठ्यक्रम के अंतर्गत नौ माह का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।


इस दौरान प्रशिक्षुओं को नवीनतम कानूनों, फॉरेंसिक साइंस, साइबर अपराध, क्रिमिनोलॉजी, आर्थिक अपराधों की जांच, व्यक्तित्व विकास, पुलिस स्टेशन प्रबंधन और आंतरिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
व्यावहारिक प्रशिक्षण से बढ़ाई गई पेशेवर दक्षता
प्रशिक्षणार्थियों को पुलिस कंट्रोल रूम, एफएसएल, मनोरोग चिकित्सालय, नशा मुक्ति केंद्र, बर्न वार्ड, नारी संरक्षण गृह और वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर का भ्रमण करवाया गया, ताकि वे विभिन्न परिस्थितियों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर सकें।
उनकी व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के लिए नियमित परीक्षाओं के साथ नाइट पेट्रोलिंग, कॉम्बिंग रेड, वाहन चेकिंग, प्राथमिक उपचार, वीआईपी सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और बलवा नियंत्रण का मैदानी प्रशिक्षण भी दिया गया।
समारोह में प्रशिक्षणार्थियों ने जर्मन ड्रिल (म्यूजिकल राइफल ड्रिल) और यूएसी सहित विभिन्न प्रदर्शन प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षुओं के प्रदर्शन की सराहना की।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और परिजन रहे उपस्थित
समारोह में अजमेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रवि, अजमेर पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाला, जीआरपी अजमेर के पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सिंह, हाड़ीरानी महिला बटालियन नारेली की कमांडेंट श्रीमती उषा यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षणार्थियों के जिलों से आए प्रतिनिधि अधिकारियों, अभिभावकों, परिजनों और गणमान्य नागरिकों ने भी समारोह में भाग लिया।
अंत में पीटीएस सिलोरा के कमांडेंट श्री राजेंद्र सिंह रावत ने मुख्य अतिथि, उपस्थित अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *